एक माह पहले ही हुई थी पति की मौत तब से ही थी तनाव में
इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरंग नगर में रहने वाली 65 वर्षीय महिला ने 31 दिसंबर की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला पति की मौत के बाद से डिप्रेशन में थी। उसके पति की मौत बीमारी के चलते एक माह पहले हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
हीरानगर पुलिस के मुताबिक मृतिका की पहचान मधु शर्मा ( 65 ) निवासी बजरंग नगर के रूप में हुई है। 31 दिसंबर की रात करीब 11 बजे पड़ोसियों ने देखा कि महिला के घर का दरवाजा खुला हुआ है। शक होने पर उन्होंने अंदर झांककर देखा तो मधु शर्मा फंदे पर लटकी हुई मिलीं। इसके बाद तुरंत उनके बेटे अंकित शर्मा को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर अंकित घर पहुंचा और मां को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की गई।
घर पर थी अकेली
अंकित शर्मा ने पुलिस को बताया घटना के समय उनकी मां घर पर अकेली थीं। उनकी पत्नी और बेटा दो दिन पहले ही मौसी के घर गए हुए थे। अंकित पेशे से इलेक्ट्रीशियन है और 31 दिसंबर की रात चर्च में लाइट लगाने और प्रार्थना कार्यक्रम के चलते वहीं गया हुआ था। अंकित के अनुसार 16 नवंबर को बीमारी के चलते उसके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद से मां काफी तनाव में रहने लगी थीं और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं करती थीं। उन्हें शुगर बीमारी भी थी। इसे आत्महत्या का मामला मानते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
Author: Shabd Agni
.
