आखिरी टी20 मैच से पहले पद्मनाभस्वामी मंदिर पहुंची टीम इंडिया,
शब्द अग्नि न्यूज़ । तिरुवनंतपुरम | भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला शनिवार को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। इससे पहले सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ियों ने श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर में दर्शन किए और आगामी टी20 विश्व कप के लिए पूजा-अर्चना की।
सैमसन पर रहेंगी नजरें
टी20 विश्व कप से पहले यह भारतीय टीम का आखिरी टी20 मैच है। इसके बाद टीम इंडिया सात फरवरी से श्रीलंका के साथ विश्व कप की संयुक्त मेजबानी करेगी। पांच मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में सभी की नजरें सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन पर रहेंगी। सैमसन इस सीरीज में अब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि अब वह अपने होम ग्राउंड पर खेलने उतरेंगे। भारत पहले ही सीरीज में 3-1 से आगे चल रहा है, ऐसे में उसकी कोशिश इस मैच से संयोजन और विश्व कप से पहले तैयारियां परखने की होगी।
बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की संभावना कम
विश्व कप को देखते हुए भारत का संयोजन लगभग तय है और टीम प्रबंधन बस बेंच स्ट्रेंग्थ को परख रहा है। इस बात की संभावना कम है कि बल्लेबाजी विभाग में बदलाव होगा। बस यह देखना होगा कि पिछले मैच में चोट के कारण बाहर रहे ईशान किशन वापसी करेंगे या
नहीं। वहीं, अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे भी लय में रहना चाहेंगे क्योंकि भारतीय टीम के लिए आने वाले दिन काफी महत्वपूर्ण हैं। ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी नागपुर में खेले गए पहले में टी20 मैच में अंगुली में चोट लगने के बाद से नहीं खेले हैं। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे मैच से पहले नेट पर गेंदबाजी की थी। उम्मीद है कि अक्षर पांचवें टी20 मैच के लिए प्लेइंग 11 का हिस्सा होंगे।
गेंदबाजी विभाग में हो सकता है परिवर्तन
विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे टी20 मैच में भारत ने प्रयोग करते हुए पांच मुख्य गेंदबाजों को ही खिलाया तथा ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे से गेंदबाजी नहीं करवाई। जैसा कि सीरीज के पिछले मैचों में देखा गया, भारत अपने गेंदबाजी विभाग में एक बार फिर फेरबदल कर सकता है। भारतीय टीम प्रबंधन पिछले दो मैचों में आराम देने के बाद मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को मौका दे सकता है।
Author: Shabd Agni
.
