शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। हवाई सफर पर एक बार फिर कैंची चली है। मार्च के अंत से लागू होने वाले समर शेड्यूल में इंडिगो एयरलाइंस ने इंदौर से नासिक और उदयपुर की उड़ानों को पूरी तरह बंद करने का फैसला किया है। कंपनी ने न केवल अपना प्रस्ताव वापस लिया है, बल्कि अपनी वेबसाइट से बुकिंग भी हटा दी है। इससे अब राजस्थान की सैर और महाराष्ट्र के ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए इंदौरियों को लंबा रास्ता तय करना होगा। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन ( DGCA ) द्वारा जारी 29 मार्च से लागू होने वाले प्रस्तावित समर शेड्यूल में इंदौर से इन दो शहरों का जिक्र नहीं है । इंडिगो ने 27 मार्च के बाद उदयपुर और 28 मार्च के बाद नासिक के लिए बुकिंग लेना बंद कर दिया है। इंडिगो पहले ही इंदौर – शिर्डी सीधी फ्लाइट बंद कर चुका है। ऐसे में श्रद्धालु नासिक उतरकर सड़क मार्ग से शिर्डी पहुंचते थे। अब नासिक फ्लाइट बंद होने से श्रद्धालुओं के पास सीधा विकल्प खत्म हो जाएगा। उदयपुर, राजस्थान का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। सीधी उड़ान बंद होने से पर्यटकों को अब सड़क या ट्रेन के लंबे सफर पर निर्भर रहना होगा ।
Author: Shabd Agni
.
