700 टी20 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बने
शब्द अग्नि न्यूज़ । नई दिल्ली। अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने सोमवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ मुकाबले में इतिहास रच दिया। वह टी20 प्रारूप में 700 विकेट हासिल करने वाले पहले गेंदबाज बन गए। राशिद पहले ही इस प्रारूप में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज थे, लेकिन अब उन्होंने 700 विकेट का आंकड़ा छू लिया है।
सुपर-8 की उम्मीदें अभी जीवित
टी20 विश्व कप 2026 का 28वां मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान और यूएई के बीच खेला गया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 160 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 162 रन बनाए और पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। ग्रुप डी में शामिल अफगानिस्तान की यह मौजूदा टूर्नामेंट में पहली जीत है। इससे पहले उसे अफगानिस्तान को शुरुआती दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। इस जीत के साथ अफगानिस्ता ने सुपर-8 की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा है।
राशिद खान ने पूरे किए 700 टी20 विकेट
इस मैच में अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने अपने चार ओवर के स्पैल में सिर्फ 24 रन खर्च किए और एक विकेट हासिल किया। मुहम्मद अरफान को आउट करते ही राशिद टी20 में 700 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बन गए। बता दें कि, राशिद पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय में 191 विकेट के साथ सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर हैं। दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमशः न्यूजीलैंड के टिम साउदी (164) और ईश सोढ़ी (162) मौजूद हैं।
Author: Shabd Agni
.
