शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। परदेशीपुरा क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़िता के अनुसार, उसकी पहली शादी टूटने के बाद उसने दूसरी शादी की थी, लेकिन दूसरा पति शराब के नशे में आए दिन उसके साथ मारपीट करता था । इसके चलते वह उससे भी अलग हो गई। और सहेली के साथ रहने लगी।
इसी दौरान काम के सिलसिले में उसकी पहचान एक युवक से हुई, जिसने उसे किराए के कमरे में रखकर शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। परदेशीपुरा थाना पुलिस के मुताबिक 40 वर्षीय महिला की शिकायत पर आरोपी विराज देसाई के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की पहली शादी टूटने के बाद वर्ष 2004 में उसके माता- पिता ने उसकी दूसरी शादी खुड़ैल निवासी एक व्यक्ति से कराई थी। दूसरे पति की पहली पत्नी निधन हो चुका था और उसके दो बच्चे भी हैं।
हालांकि कुछ समय बाद वह शराब के नशे में पीड़िता के साथ मारपीट करने लगा। वर्ष 2021 में दोनों परिवारों की सहमति से पति- पत्नी अलग हो गए थे। कुछ समय तक माता- पिता के पास शिप्रा में रहने के बाद पीड़िता तुकोगंज क्षेत्र में आकर रहने लगी। यहीं काम के सिलसिले में वर्ष 2022 में उसकी पहचान विराज देसाई से हुई। पीड़िता के अनुसार, विराज ने एक दिन उससे कहा कि वह उसे पसंद करता है और बाद में उसे मालवा मिल इलाके में किराए का मकान दिलाया। यहां उसने जल्द शादी करने का भरोसा दिया और बाद में शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा।
इंकार करने पर उसने जबरन संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी अलग-अलग जगहों पर कमरे किराए पर लेकर उसे अपने साथ रखता रहा और शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता ने बताया कि 26 मार्च 2025 को जब उसने विराज से शादी की बात की तो उसने उसके साथ मारपीट की और घर छोड़कर चला गया। बाद में कई बार संपर्क करने पर आरोपी ने कहा कि लिव-इन में रहना हो तो रहो, नहीं तो जान से खत्म कर देगा। डर के चलते पीड़िता ने अपने परिवार को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद शनिवार को उसने इंदौर में थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Author: Shabd Agni
.
