VISITORS

0 0 6 7 5 3

March 7, 2026 5:57 pm

+91 8878812345

Explore

Search

March 7, 2026 5:57 pm

हुड़दंगियों और नशाखोरों पर होगी कार्रवाई

रंग पंचमी की गेर की तैयारियां पूरी
शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। रविवार को रंग पंचमी का पर्व पारंपरिक तरीके से उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के निर्धारित मार्गों से विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा रंगारंग गेर निकाली जाएगी।
जिसमें पूरा शहर रंग और गुलाल से सराबोर नजर आएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गेर के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग या अव्यवस्था करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गेर में डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
गेर आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा की विशेष उपस्थिति में नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल, डीसीपी आनंद कलादगी, एडीएम रोशन
राय सहित जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आयोजकों के साथ गेर की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को कलेक्टर लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में बताया गया कि गेर की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और यह शहर के पारंपरिक मार्गों से ही निकाली जाएगी। राधा-कृष्ण फाग यात्रा के साथ टोरी कॉर्नर, मॉरल क्लब और संगम कॉर्नर सहित विभिन्न संस्थाओं द्वारा गेर निकाली जाएगी।

आयोजकों ने कार्यक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्रशासन को दी। कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि सभी गैर निर्धारित समय और तय क्रम के अनुसार ही निकाली जाएं तथा अनुशासन और शालीनता का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में निर्देश दिए गए कि गेर में केवल अनुमति प्राप्त वाहन ही शामिल किए जाएं। वाहनों के चालक लाइसेंसधारी हों और किसी भी प्रकार के नशे की हालत में न हों। साथ ही वाहनों की फिटनेस की भी जांच सुनिश्चित की जाएगी। डीसीपी आनंद कलादगी ने बताया कि गेर के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। पूरे मार्ग को विभिन्न सेक्टरों में बांटकर निगरानी रखी जाएगी और सेक्टरवार कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे।

ड्रोन, सीसीटीवी और वीडियो कैमरों के माध्यम से लगातार नजर रखी जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि यदि गेर के दौरान कोई संदिग्ध गतिविधि या हथियार रखने वाला व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें। आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए वालंटियर की संख्या बढ़ाने तथा महिला वालंटियर भी तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी वालंटियर को पहचान पत्र भी दिए जाएंगे। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। प्रशासन और आयोजकों ने संयुक्त रूप से प्रयास कर इंदौर की इस ऐतिहासिक परंपरा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने का संकल्प लिया है।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर