बातचीत बंद करने पर भड़का पड़ोसी,
शब्द अग्नि न्यूज़ । मंदसौर। शहर में सोमवार को एक युवक ने 21 वर्षीय युवती को जबरदस्ती कार में बैठाकर जंगल में ले जाकर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी जिस कार में युवती को ले गया, उसमें ‘मध्य प्रदेश शासन की प्लेट रखी थी। हमले में गंभीर रूप से घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी युवक को राउंडअप कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खानपुरा निवासी 21 वर्षीय खुशबू पिता भारत सिंह हाड़ा सोमवार को अपने घर से शंकर स्टोर स्थित अपने काम पर जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला विजय नायक रास्ते में मिला और उसे जबरदस्ती कार में बैठा लिया। युवती को कार में बैठाने के बाद आरोपी विजय उसे रेवास देवड़ा रोड स्थित धूलेश्वर महादेव मंदिर के पास जंगल में ले गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले प्रेम प्रसंग था, लेकिन कुछ समय से युवती ने आरोपी से बात करना बंद कर दिया था। इसी बात से नाराज विजय ने युवती को जंगल में ले जाकर उसके पेट और दोनों हाथों पर से चाकू वार किए। घटना के बाद आरोपी विजय नायक ही घायल युवती को उसी कार से जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया है, लेकिन युवती की हालत गंभीर होने के कारण उसे रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
Author: Shabd Agni
.
