जनसुनवाई में मौके पर ही किया कई समस्याओं का निराकरण
शब्द अग्नि//आशीष बृजेश द्विवेदी
सिंगरौली—सिंगरौली जिले के विभिन्न अंचलों से आए नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने उपस्थित होकर कुल 315 आवेदकों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद जिला स्तरीय अधिकारियों से कई आवेदनों का तुरंत समाधान कराया। जनसुनवाई में पहुँचे आवेदक राम सुशील यादव निवासी ग्राम रेढ़ी द्वारा ग्राम में पेयजल की समस्या के संबंध में आवेदन दिया गया। उन्होंने कलेक्टर को अवगत कराया कि गाँव स्थित टोले के अंतर्गत हैंडपंप नहीं होने के कारण 30 परिवारों को पेयजल की समस्या हो रही है। टोले में एक नवीन हैंडपंप खनन कराया जाए ताकि उपरोक्त परिवारों को पेयजल उपलब्ध हो सके। वहीं नवजीवन विहार ग्रीन हार्ट कॉलोनी मस्जिद के पीछे बस्ती में रहने वाले नागरिकों के द्वारा संयुक्त आवेदन पत्र देते हुए बस्ती में पेयजल उपलब्ध कराने हेतु आग्रह किया गया।
आंख का ऑपरेशन सहित सड़क मार्ग निर्माण की गुहार
जनसुनवाई के दौरान ग्राम मटीहनी के ग्रामीणों द्वारा गाँव में पहुँच मार्ग का निर्माण कराए जाने हेतु आवेदन दिया गया। वहीं राम मिलन शाह निवासी ग्राम गहिलगढ़ द्वारा प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत आँखों का ऑपरेशन कर आँखों में लेंस लगवाने हेतु आवेदन दिया गया। जनसुनवाई पहुँचे दिव्यांग आवेदक विकास कुमार पाल निवासी ग्राम नौगढ़ द्वारा जीवनयापन हेतु ई-रिक्शा दिलाने हेतु आवेदन दिया गया। जनसुनवाई पहुँचे आवेदक संतलाल यादव ने अपने पुत्र प्रियांशु यादव का छात्रावास में प्रवेश दिलाए जाने हेतु आवेदन दिया गया, जिस पर कलेक्टर द्वारा आवेदन पत्रों को संबंधित अधिकारियों की ओर भेजते हुए निर्धारित समय सीमा में निराकरण कराए जाने हेतु निर्देश दिया गया।
निराकरण हेतु प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
इस महत्वपूर्ण साप्ताहिक जनसुनवाई को प्रभावी बनाने और आवेदनों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जिले का पूरा वरिष्ठ प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय, एसडीएम सुरेश जाधव, डिप्टी कलेक्टर माइकेल तिर्की सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे, ताकि जनता की समस्याओं को बिना किसी प्रशासनिक देरी के मौके पर ही सुलझाया जा सके।
Author: Shabd Agni
.