महाराष्ट्र से पहुंचे मेहमानों ने लिया ग्रामीण संस्कृति का आनंद
शब्द अग्नि/सीमान्त राव बन्सोड़
बालाघाट । जिले के ग्राम पंचायत टेकाड़ी अंतर्गत ग्राम केरा एवं पीपरटोला इन दिनों जनजातीय पर्यटन की अनूठी पहचान बनकर उभ रहे हैं। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड भोपाल के मार्गदर्शन में संचालित जनजातीय पर्यटन परियोजना के तहत यहां दो दिवसीय अध्ययन भ्रमण एवं एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महाराष्ट्र के अमरावती, भंडारा, यवतमाल एवं अहल्यानगर जिलों से आए 31 हितग्राहियों एवं शबरी आदिवासी वित्त विकास महामंडल नासिक के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
ग्राम पर्यटन समितियों द्वारा मेहमानों का पारंपरिक तरीके से पुष्पमाला एवं तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। ग्रामीण परिवेश, प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति से भरपूर इस आयोजन ने आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। ग्राम केरा एवं पीपरटोला में स्थापित 08 होम-स्टे में मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था की गई, जिससे स्थानीय होम-स्टे संचालकों एवं ग्राम समितियों को आर्थिक लाभ भी प्राप्त हुआ।
अध्ययन भ्रमण के दौरान आगंतुकों को जनजातीय संस्कृति और ग्रामीण जीवनशैली से रू-ब-रू कराया गया। लोक नृत्य, भजन मंडली, नौका विहार, जंगल ट्रैकिंग, बैलगाड़ी सवारी और स्थानीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मेहमानों का मन मोह लिया। सुबह 5 बजे आयोजित जंगल एवं जलाशय ट्रैकिंग के दौरान आगंतुकों ने प्राकृतिक वातावरण का आनंद लिया तथा सातनारी वॉटरफॉल की मनमोहक छटा को करीब से देखा
Author: Shabd Agni
.