किसानों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर प्रशासन एवं सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखीं
शब्द अग्नि मनोज जैन कलाकार
अशोकनगर। किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय के सामने दो दिवसीय धरना प्रदर्शन शुरू किया। इस आंदोलन में क्षेत्र के किसानों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर प्रशासन एवं सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखीं। धरना प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य किसानों को ई-टोकन व्यवस्था में आ रही परेशानियों, खाद की उपलब्धता में अव्यवस्था, ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती, डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों तथा खाद एवं कृषि उपयोगी सामग्री के बढ़ते दामों के खिलाफ आवाज उठाना है। इस दौरान धरना प्रदर्शन को कांगे्रस नेताओं ने संबोधित किया एवं प्रदेश एवं केन्द्र सरकार की नीतियों को किसानों की समस्याओं के लिए जिम्मेदार बताया।
ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने किसानों के लिए ई-टोकन बुकिंग प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने, तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग रखी। इसके अलावा किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने, खाद की कालाबाजारी रोकने, ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती को तत्काल बंद करने तथा किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग रखी साथ ही डीजल एवं पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और खाद एवं अन्य कृषि सामग्री के बढ़ते दामों को नियंत्रित करने की मांग रखी।
भारतीय किसान संघ निकालेगा रैली
किसानों के लिए खाद की परेशानी को लेकर भारतीय किसान संघ भी आंदोलन की राह पर है। भारतीय किसान संघ द्वारा आगामी सोमवार को रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि 1 जून को सुबह 9 बजे राजमाता चौराहा पर किसान एकत्रित होंगे और इसके बाद ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी। किसान संघ ने किसानों से अपील की है कि आंदोलन को सफल बनाने के लिए टै्रक्टर लेकर आना है और खाद भरकर जाना है इसके लिए ट्रैक्टर के साथ आटा, कंडा, बर्तन, पानी, बिस्तर, पानी की टंकी साथ में लेकर आना है। भारतीय किसान संघ इस धरना प्रदर्शन के माध्यम से शासन-प्रशासन से मांग रखेगा कि ऑफलाइन खाद, डीएपी, एनपीके, यूरिया, सुपर दिया जाए एवं फसलों का भुगतान शीघ्र किसानों के खातों में डाला जाए।
Author: Shabd Agni
.