शब्द अग्नि मनोज जैन कलाकार
अशोकनगर। ईसागढ़ क्षेत्र में हुई 25-26 मई की दरमियानी रात दो चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से करीब चार लाख रुपये का माल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जप्त की गई है। चोरी के इस मामले में एक चोर ऐसा भी गिरफ्तार हुआ है जिसने अपनी सगी बुआ के घर में चोरी की। उल्लेखनीय है कि थाना ईसागढ़ क्षेत्र अंतर्गत 25-26 मई की दरमियानी रात्रि में वार्ड क्रमांक 14ए,कंडेलगंज ईसागढ़ निवासी समीर खान एवं इरफान खान के घरों में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कमरों के ताले तोडक़र सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी चोरी कर ली गई थी। फरियादियों की रिपोर्ट पर थाना ईसागढ़ में अपराध क्रमांक 234/2026, धारा 305(1) 331(4) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं माल बरामदगी हेतु निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में थाना ईसागढ़ पुलिस द्वारा विभिन्न टीमों का गठन कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया तथा तकनीकि साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपी शाहरुख पुत्र आजाद खां उम्र 24 वर्ष, आसिक उर्फ छिंगा पुत्र अजीज खां उम्र 19 वर्ष एवं रोहित पुत्र सीताराम कुशवाह उम्र 19 वर्ष सभी निवासी म्याना जिला गुना को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, नगदी सहित कुल 3 लाख 30 हजार रुपये मूल्य का मशरूका तथा अपराध में प्रयुक्त लगभग 70 हजार रुपये की मोटरसाइकिल जप्त की गई। इस प्रकार कुल 4 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई है।
समीर की सगी बुआ का लडक़ा है आरोपी
कंडेलगंज निवासी समीर खान के घर में चोरी के मामले में जो आरोपी पकड़े गए हैं उनमें एक आरोपी शाहरुख खान है शाहरुख खान चोरी के इस मामले का मास्टर माइंड बताया जा रहा है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि मुख्य आरोपी शाहरुख खान एवं फरियादी समीर खान आपस में सगे मामा-बुआ के लडक़े हैं, इसी कारण आरोपी शाहरुख को समीर के घर की पूरी जानकारी थी। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
इनकी रही उल्लेखनीय भूमिका-
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी ईसागढ़ उनि मीना रघुवंशी, सउनि ज्ञानलता राठौर, प्रधान आरक्षक मनोज कुमार, अवनीश पाठक, हरि सिंह रघुवंशी, राजीव शर्मा, आरक्षक देवेन्द्र लोधी, रुपेन्द्र तोमर, अमित शर्मा, नरेश झा एवं आरक्षक चालक अर्जुन शर्मा की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु प्रभावी कार्यवाही निरंतर जारी रहेंगी।
************
Author: Shabd Agni
.