शब्द अग्नि की खबर का असर पानी के लिए तरसते आदिवासियों के लिए आगे आए विधायक, 2 दिन में समाधान नहीं तो निजी खर्च से होगी बोरिंग
शब्द अग्नि मुस्तकीम मुगल
आलीराजपुर। उदयगढ़ जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत अंबी अंतर्गत ग्राम छारवी के खारिया फलिया में वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे आदिवासी परिवारों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। जोबट विधायक सेना महेश पटेल एवं आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि यदि जिला प्रशासन आगामी दो दिनों में समस्या का स्थायी समाधान नहीं करता है, तो वे अपने निजी खर्च से बोरवेल खुदवाकर ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएंगे।
खारिया फलिया के करीब 20 आदिवासी परिवार लंबे समय से गंभीर जल संकट का सामना कर रहे हैं। स्थिति यह है कि महिलाओं को प्रतिदिन एक किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर नाले में बने लगभग 12 फीट गहरे गड्ढे से पानी लाना पड़ता है। यही पानी पीने, भोजन बनाने और अन्य घरेलू कार्यों में उपयोग किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
विधायक ने कहा कोई नहीं तरसेगा पानी को
ग्रामीणों की इस समस्या की जानकारी मिलते ही विधायक सेना महेश पटेल और महेश पटेल ने चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि आजादी के दशकों बाद भी आदिवासी परिवारों को पीने के पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
महेश पटेल ने कहा कि आदिवासी परिवारों की पीड़ा अब और बर्दाश्त नहीं की जा सकती अब कोई पानी को नहीं तरसेगा। यदि प्रशासन दो दिनों में समाधान नहीं करता है, तो वे स्वयं अपने संसाधनों से बोरिंग कराकर ग्रामीणों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी परिवार को प्यासा नहीं रहने दिया जाएगा।
Author: Shabd Agni
.