अधिकारियों को पत्रों के माध्यम से अपनी समस्या बताई है और निराकरण की मांग की है लेकिन कोई हल नहीं निकला
शब्द अग्नि मनोज जैन कलाकार
अशोकनगर। शहर के नवीन गल्ला मंडी क्षेत्र में स्थित लघु उद्योग एवं अन्य व्यापारियों को बिजली समस्या के कारण गंभीर आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार विद्युत अधिकारियों को पत्रों के माध्यम से अपनी समस्या बताई है और निराकरण की मांग की है लेकिन कोई हल नहीं निकला है। इस संबंध में मेसर्स कलाकार फूड एण्ड बेवरेज के संचालक विशाल जैन कलाकार ने बताया कि उनका नवीन गल्ला मंडी के पास मोहरीराय में प्लांट है। यह प्लांट एक लघु उद्योग है जिसमें करीब 20-25 कर्मचारी कार्यरत हैं और मेरे द्वारा हर माह करीब 70 से 80 हजार रुपये का बिल नियमित रूप से जमा किया जाता है लेकिन लंबे समय से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति अनियमित है बार-बार बिजली कटौती होती है एवं लो वोल्टेज की समस्या के कारण उत्पादन प्रभावित होता है। कुछ ही दिनों पहले हाई वोल्टेज के कारण उनके उपकरण खराब हो गए थे जिनके सुधार कार्य में करीब एक से डेढ़ लाख रुपये खर्च हुआ था। बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या के कारण मुझे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
दूसरे व्यापारियों को भी हो रहीं परेशानियां
मोहरी राय क्षेत्र में जो अन्य छोटे-बड़े व्यापारी हैं वह भी बिजली समस्या के कारण परेशान हैं। एक आईसक्रीम विके्रता ने बताया कि बार-बार बिजली समस्या के कारण उन्हें अपना कारोबार संचालित करने में परेशानी आ रही थी, जिससे उन्होंने यह काम ही बंद कर दिया है इसी तरह हाल ही में खुली एक दुकान में टाइल्स घिसाई का काम पूरा नहीं हो पा रहा है। कुल मिलाकर विद्युत आपूर्ति में हो रही कटौती और वोल्टेज समस्या से क्षेत्र के लोग परेशान हैं इनकी मांग है कि मोहरीराय को शहरी लाइन से जोड़ा जाए जिससे कि वोल्टेज समस्या का समाधान हो सके। बताया जा रहा है कि विद्युत अधिकारी भी करीब एक साल से आश्वासन दे रहे हैं कि जल्द ही इस क्षेत्र की लाइन को शहरी क्षेत्र से जोड़ा जाएगा लेकिन कार्यवाही नहीं की जा रही है। वहीं इस संबंध में जेई नवीन जोसेफ से चर्चा करनी चाही तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
शासन की मंशा पर फिर रहा पानी
एक ओर केन्द्र सरकार लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए तमाम योजनाएं लागू कर रही है दूसरी ओर एक छोटी सी समस्या के कारण व्यापारियों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है जिससे उनके लघु उद्योगों की कमर टूट रही है यदि विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी मोहरी क्षेत्र को शहरी लाइन से जोड़ दें तो व्यापारियों को बार-बार हो रही कटौती और वोल्टेज से आ रहीं परेशानियों से निजात मिल सकती है।
Author: Shabd Agni
.