दमोह में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार:
ओवरब्रिज के पास ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी, देहात थाना पुलिस की घेराबंदी में चढ़े हत्थे
शब्द अग्नि अनुराग बजाज
दमोह। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देहात थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 29 लाख रुपये मूल्य की स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने प्रेस वार्ता में बताया कि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि सरदार वल्लभभाई पटेल ओवरब्रिज के पास दो व्यक्ति मादक पदार्थ की बिक्री के उद्देश्य से संदिग्ध रूप से घूम रहे हैं और ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल दो टीमों का गठन कर क्षेत्र की घेराबंदी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजू उर्फ राजेंद्र मिश्रा (51 वर्ष) निवासी शोभानगर, सिविल वार्ड क्रमांक-1 तथा आशुतोष श्रीवास्तव (32 वर्ष) निवासी गोविंद विहार कॉलोनी, थाना गोपालगंज को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 119.95 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 29 लाख रुपये आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी स्मैक कहां से लेकर आए थे और इसे किसे बेचने वाले थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या सप्लाई चेन सक्रिय है या नहीं।
नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। केवल मई माह में ही पुलिस द्वारा सात बड़ी कार्रवाईयों को अंजाम दिया गया है। इन अभियानों के दौरान 42 किलो 535 ग्राम गांजा भी जब्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों से जुड़े मामले पटेरा, गैसाबाद, पथरिया और नोहटा थाना क्षेत्रों में दर्ज किए गए हैं। इनमें से तीन मामले केवल पटेरा क्षेत्र से संबंधित हैं, जहां बड़ी मात्रा में गांजा जब्त कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में देहात थाना प्रभारी अमित गौतम, सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम सिंह दांगी, अकरम खान, सूर्यकांत पांडे, संजय पाठक, सौरभ टंडन, राकेश अठ्या और सौरभ जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।
नशा तस्करों के खिलाफ सख्त संदेश
पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि दमोह में नशे का कारोबार करने वालों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं होगा। पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Author: Shabd Agni
.