नाले में छिपाई गई 5 बाइक बरामद, उदयगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, दो आरोपी गिरफ्तार; दो अन्य फरार साथियों की तलाश जारी
शब्द अग्नि मुस्तकीम मुगल
आलीराजपुर। उदयगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चोरी की लगातार हो रही वारदातों का खुलासा करते हुए एक अंतर-जिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 3.75 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के निर्देश पर एसडीओपी जोबट रविन्द्र राठी के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी ब्रजभूषण हीरवे के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारत उर्फ भाया निवासी बड़ी उती तथा उसके एक नाबालिग साथी को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उदयगढ़ क्षेत्र से तीन और इंदौर जिले के राऊ क्षेत्र से दो मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम बड़ी उती के बिलवाल फलिया के समीप पीपली धपल नाले में बेहद शातिराना तरीके से छिपाकर रखी गई पांचों मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
इस कार्रवाई में थाना उदयगढ़, कानाकाकड़ चौकी, थाना बोरी, थाना टांडा एवं आलीराजपुर साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब गिरोह के दो फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Author: Shabd Agni
.