154 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए
शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़
बालाघाट । प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई की श्रृंखला में 02 जून को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जी.एस. धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक एवं श्री एम.आर. कोल तथा एसडीएम श्री गोपाल सोनी ने आवेदकों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 154 आवेदक अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे।
नक्शे की त्रुटि सुधारने एवं सीमांकन की मांग
वार्ड नं.07 किरनापुर निवासी घनश्याम कुमार डोंगरवार उसकी जमीन नक्शे की त्रुटि सुधारने एवं सीमांकन करवाने की मांग लेकर आये थे। घनश्याम का कहना था कि उसकी भूमिस्वामी हक की भूमि खसरा नं. 510/2ग है जिसका नक्शा पटवारी के मूल नक्शे की शीट में अलग था, किंतु कुछ वर्षों से उसकी भूमि में 510/2ग को 510/2ड,च में शामिल कर दिया गया है। घनश्याम का कहना है कि उसके नक्शें में छेडछाड की गई है। अत: नक्शें की उचित जांच तथा सीमांकन कराया जाए। इस प्रकरण में एसडीएम किरनापुर को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
मुआवजा किसी अन्य को दे दिया साहब
बैहर तहसील के ग्राम पाण्डूतला निवासी महेश कुमार धुर्वे उनकी पैतृक एवं स्वामित्व वाली भूमि के अधिग्रहण के बदले मिलने वाली मुआवजा राशि किसी अन्य व्यक्ति को दिये जाने की शिकायत लेकर आए थे। महेश का कहना था कि ग्राम पाण्डूतला में उसकी 0.749 हेक्टेयर भूमि से राष्ट्रीय राज्यमार्ग का निर्माण किया गया है। किंतु सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि के बदले मिलने वाली मुआवजा राशि भूमि के वास्तविक मालिक व हितग्राही को न मिलकर ग्राम पाण्डूतला निवासी सेलिन पति नेपोलियन के नाम स्वीकृत कर दी गई। अत: अन्य व्यक्ति को दी गई मुआवजा राशि की वसूली कर वास्तविक भूमि स्वामी दिलायी जाए। इस प्रकरण में एसडीएम बैहर को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
पीएम आवास योजना का लाभ मिले
वार्ड नं.24 बालाघाट के निवासी राजकुमार बंशकार प्रधानमंत्री आवास योजना में चयन होने के बावजूद भी राशि प्राप्त नही होने की शिकायत लेकर आये थे। राजकुमार का कहना था कि उसने वर्ष 2022 से पीएम आवास योजना के तहत मकान निर्माण करवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था, जिसमें उसका नाम आ चुका है, किंतु उसके योजना की राशि अब तक प्रदान नही की गई है। इस प्रकरण में नगर पालिका सीएमओ बालाघाट को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
Author: Shabd Agni
.