VISITORS

0 0 9 1 2 8

June 4, 2026 12:57 am

+91 8878812345

Explore

Search

June 4, 2026 12:57 am

जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्यों की ली बैठक

 

निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य

लापरवाही पर कार्यवाही की दी गई चेतावनी

शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़
बालाघाट- जिले के सभी शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी अश्विनी उपाध्याय ने मंगलवार 3 जून को जिले के सभी शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक लेकर विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, अन्यथा संबंधित प्राचार्यों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन की स्थिति, अपार आईडी (APAAR ID) निर्माण, पाठ्यपुस्तकों के वितरण एवं उसकी पोर्टल पर प्रविष्टि, पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल वितरण, छात्रवृत्ति भुगतान, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन, कर्मचारियों की ई-सेवा पुस्तिका के सत्यापन तथा ई-अटेंडेंस व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होते ही सभी पात्र विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। विशेष रूप से आउट ऑफ स्कूल बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक बच्चा विद्यालय पहुंचे और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे।

श्री उपाध्याय ने पाठ्यपुस्तकों के वितरण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कहा कि सभी विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं तथा वितरण की जानकारी निर्धारित पोर्टल पर तत्काल दर्ज की जाए। इसी प्रकार अपार आईडी निर्माण एवं छात्रवृत्ति संबंधी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि राज्य शासन द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएं तथा विद्यार्थियों को जल बचाने के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने विद्यालय परिसरों में स्वच्छता, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यक्रमों के आयोजन पर भी बल दिया।

विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून के अवसर पर सभी विद्यालयों में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों की सहभागिता से अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर विद्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित करने तथा विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ बनाने का प्रयास किया जाना चाहिए।

बैठक में ई-अटेंडेंस व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों की ई-सेवा पुस्तिकाओं के सत्यापन कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा। बैठक के अंत में श्री उपाध्याय ने प्राचार्यों से कहा कि शासन की सभी योजनाओं और निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन विद्यालयों में कार्यों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाई जाएगी, वहां संबंधित अधिकारियों एवं प्राचार्यों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्वक और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर