शब्द अग्नि मनोज जैन कलाकार
अशोकनगर। बुधवार को रघुवंशी धर्मशाला में रघुवंशी समाज की बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता शिक्षक एवं समाज के वरिष्ठ माधव सिंह रघुवंशी करैया द्वारा की गई। बैठक मेें मुख्य अतिथि के रूप में चन्देरी विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी भी उपस्थित थे। बैठक में समाज के लोगों ने अपने-अपने विचार रखे। विशेषकर समाज में हाल ही में चल रही कुछ कुरीतियों को दूर करने पर सभी ने विचार रखे। इनमें प्री-वेडिंग को रोकने, खर्चीली शादियां कम करने, दहेज प्रथा रोकने, शादी में नमस्ते बंद करने पर विशेष रूप से चर्चा हुई। इसके अलावा सोना कम खरीदने, गर्मियों में रात में और सर्दियों में दिन में शादी करने, मृत्युभोज बंद करने, अच्छे कामों में सहयोग करने, पंचायत चुनाव में हुई ईष्र्या को खत्म करने के लिए निर्विरोध चुनाव कराने, गांव में बैठक करने आदि पर भी चर्चा हुई। बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि समाज के जिलाध्यक्ष का पद रिक्त पड़ा है इसे भरा जाए। जिसके बाद सभी लोगों ने आपस में चर्चा की और पूर्व जनपद अध्यक्ष अमर सिंह रघुवंशी खजूरिया का नाम सर्वसम्मति से तय किया गया, बाद में विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी ने उनके नाम की घोषणा मंच से की। बैठक में मंच से कमल सिंह वकील, अमर सिंह पिपरेसरा, महेन्द्र सिंह महाना, हरिसिंह, दशरथ सिंह, पूरण सिंह देरखा, जयप्रकाश शिक्षक, रघुराज सिंह, दिलीप डंगोरा, सचिन रघुवंशी, धर्मवीर सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।
Author: Shabd Agni
.