शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़
बालाघाट / कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने जिले के सभी विकासखंड के बीआरसी एवं खण्ड शिक्षा अधिकारियों की बैठक लेकर शिक्षा संबंधी योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ भी उपस्थित थे।
बैठक में सर्वप्रथम कक्षा 01 से लेकर कक्षा 08 तक बच्चों के शाला में प्रवेश एवं पंजीयन की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि खैरलांजी विकासखंड में गत वर्ष की तुलना में कम पंजीयन हुआ है। इसी प्रकार विकासखंड बैहर एवं बिरसा में भी संतोषजनक प्रगति नही हुई है। कलेक्टर श्री मीना ने इस स्थिति पर नाराजगी जाहिर की और खैरलांजी के बीआरसी को अपने कार्यों में शीघ्र प्रगति लाने के निर्देश दिये और चेतावनी दी कि उनके कार्य में सुधार नही पाये जाने पर उनके विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। बैहर एवं बिरसा के बीआरसी को बच्चों के कम पंजीयन के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गए कि क्यों न उनके एक-एक वेतन वृद्धि रोक दी जाए। बैहर एवं बिरसा के बीआरसी को 09 जून तक बच्चों का शत प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए।
पाठ्यपुस्तकों हेतु बीआरसी को किया निर्देशित
बैठक में पाठ्यपुस्तक वितरण की समीक्षा के दौरान सभी बीआरसी को निर्देशित किया गया कि शाला में दर्ज सभी बच्चों को पाठ्यपुस्तकों का शीघ्रता से वितरण पूर्ण करें और इसकी पोर्टल पर एंट्री अनिवार्य रूप से की जाए। सभी बीआरसी को कक्षा 06वीं में प्रवेश लेने वाले बच्चों को साईकिल का शीघ्रता से वितरण पूर्ण करने कहा गया। प्राथमिक शालाओं के बच्चों के शैक्षणिक स्तर की जांच के लिए होने वाले एफएलएन सर्वे में बच्चों का स्तर कमजोर नही पाया जाना चाहिए। यदि किसी शाला में ऐसी स्थिति पायी जाएगी तो संबंधित शिक्षक के विरूद्ध कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई।
बैठक में सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों से कक्षा 09 से 12 तक के बच्चों का शाला में प्रवेश एवं पंजीयन की जानकारी ली गई। कक्षा 08 से उत्तीर्ण 02 हजार से अधिक बच्चों का कक्षा 09 में प्रवेश अब तक नही होने की ओर बीईओ का ध्यान आकर्षित कराया गया और इन बच्चों का शीघ्रता से कक्षा 09 में प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए। सभी बीईओ को निर्देशित किया गया कि शालाओं में बच्चों का शत प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करें। इसके साथ ही पाठ्यपुस्तक वितरण शीघ्रता से पूर्ण करने कहा गया। बैठक में बताया गया कि मेधावी विद्यार्थियों को लेपटॉप वितरण योजना के अंतर्गत जिले के 4027 विद्यार्थियों को लेपटॉप की राशि प्रदान कर दी गई है।
Author: Shabd Agni
.