300 से अधिक दानदाताओं का हुआ सम्मान
शब्द अग्नि / जगदीश अग्रवाल
मंदसौर, गरोठ (नि.प्र.), 10 जून। गरोठ नगर के धार्मिक एवं सामाजिक इतिहास में बुधवार का दिन एक गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। श्रद्धा, समर्पण, पारदर्शिता और जनसहयोग का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर सेवा समिति द्वारा “श्री खेड़ापति बालाजी स्मारिका” का भव्य विमोचन किया गया तथा मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले 300 से अधिक दानदाताओं का सम्मान किया गया। उल्लेखनीय है कि मात्र 7 माह की अल्प अवधि में श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर का भव्य नव-निर्माण, स्वर्ण कलशारोहण एवं भगवान श्रीराम दरबार की प्राण-प्रतिष्ठा जैसे ऐतिहासिक कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किए गए। इसके साथ ही मंदिर निर्माण में प्राप्त दानराशि एवं व्यय का संपूर्ण विवरण पूर्ण पारदर्शिता के साथ स्मारिका में प्रकाशित कर समाज के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जो अपने आप में एक अनुकरणीय पहल है।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम दरबार एवं श्री खेड़ापति बालाजी के पूजन-अर्चन एवं महाआरती से हुआ। इसके पश्चात गरोठ विधायक श्री चंदरसिंह सिसोदिया, एसडीएम श्री राहुल चौहान, एसडीओपी श्री विजय यादव, मंदिर सेवा समिति अध्यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल एवं मंडल अध्यक्ष श्री गोकुल सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति में स्मारिका का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर मंदिर सेवा समिति अध्यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल ने बताया कि यह स्मारिका केवल एक प्रकाशन नहीं, बल्कि श्री खेड़ापति बालाजी की असीम कृपा, भक्तों के समर्पण, गरोठ की धार्मिक आस्था और मंदिर निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा का जीवंत दस्तावेज है। इसमें मंदिर का इतिहास, निर्माण कार्य, धार्मिक गतिविधियाँ तथा संपूर्ण आय-व्यय का विस्तृ वरण प्रकाशित किया गया है।

कार्यक्रम में मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले 300 से अधिक दानदाताओं को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला। इस अवसर पर मंदिर सेवा समिति के कैलाश जागरी, ओमप्रकाश पाटीदार, रविन्द्र पाटीदार, पंकज शर्मा, दिनेश धनोतिया, सचिन अग्रवाल, जगदीश पटेल, खाती मालवीय समाज अध्यक्ष रामगोपाल कोटवाल, पुरालाल मालवीय, मनीष मोदी, पवन चौधरी, दीपक कसेरा, राधेश्याम सेठिया, हरिवल्लभ धनोतिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
:::
Author: Shabd Agni
.