दिल्ली से रेल कनेक्टिविटी दिलायेगी विश्व पटल पर पहचान:
शब्द अग्नि मनोज जैन कलाकार
अशोकनगर,10 जून। मध्यप्रदेश का अशोकनगर जिला भले ही आकार में छोटा हो, लेकिन धार्मिक और पर्यटन के दृष्टिकोण से इसमें अपार संभावनाएं छिपी हुई हैं। इस क्षेत्र को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने के लिए देश की राजधानी दिल्ली से सीधी रेल सेवा का जुडऩा बेहद जरूरी है। जब तक यह कनेक्टिविटी स्थापित नहीं होती, तब तक जिला अपने पर्यटन और बड़े स्तर के व्यापार का पूर्ण लाभ वैश्विक स्तर पर नहीं उठा पाएगा।
यह विचार यहां से स्थानांतरित होकर गए निवर्तमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) गजेंद्र सिंह कंवर ने जिला पत्रकार संघ द्वारा मंगलवार रात्रि में आयोजित अपने विदाई समारोह में व्यक्त किए।
पत्रकारों के इनपुट से पुलिस कार्यप्रणाली को मिली मजबूती:
विदाई समारोह में भावुक होते हुए एएसपी कंवर ने कहा कि वे यहां के पत्रकारों से मिले सम्मान और सहयोग से पूरी तरह अभिभूत हैं। उन्होंने स्थानीय मीडिया की सराहना करते हुए कहा
यहां के सजग पत्रकारों ने मुझे समय-समय पर क्षेत्र की जमीनी बारीकियों और समस्याओं से अवगत कराया। पत्रकारों द्वारा दिए गए इन सटीक फीडबैक और इनपुट से पुलिस की कार्यप्रणाली को न केवल मजबूती मिली, बल्कि हमें कानून व्यवस्था संभालने में भी बड़ी मदद मिली।
उन्होंने याद करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान ऐसी कोई भी जनसुनवाई नहीं रही, जिसमें पत्रकारों की उपस्थिति और सहभागिता न रही हो।
जमीनी विवाद और आपसी सुलह पर जोर:
क्षेत्र की जनसमस्याओं और अपराध के ग्राफ पर चर्चा करते हुए निवर्तमान एएसपी ने बताया कि यहां अमूमन पति-पत्नी के विवाद, घरेलू कलह और जमीन-जायदाद से जुड़े मामले अधिक सामने आते हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा ऐसे अधिकांश मामलों को कानूनी पेचीदगियों में उलझाने के बजाय आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाता है, जिससे सामाजिक सौहार्द बना रहे। राहत की बात यह है कि क्षेत्र में लॉरेंस जैसे गंभीर या बड़े संगठित अपराधों के मामले न के बराबर सामने आते हैं।
करीला धाम और चंदेरी के विकास पर रखी राय:
जिले की विकासात्मक गतिविधियों और अपनी उपलब्धियों को साझा करते हुए कंवर ने कहा
कि धार्मिक रूप से प्रसिद्ध करीला धाम में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए उनके कार्यकाल में काफी प्रयास किए गए। इसी कड़ी में वहां श्रद्धालुओं और वीआईपी मूवमेंट के लिए स्थायी हेलीपैड का निर्माण भी कराया गया है।
वहीं ऐतिहासिक पर्यटन के लिहाज से विश्व प्रसिद्ध चंदेरी में भी विकास कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।
उन्होंने अंत में पुन: जोर देकर कहा कि करीला धाम और चंदेरी जैसे धरोहरों को अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों से जोडऩे और यहां के बड़े व्यापारिक हब को गति देने के लिए दिल्ली से सीधी कनेक्टिविटी ही एकमात्र विकल्प है।
शॉल-श्रीफल भेंट कर दी गई भावभीनी विदाई
इस गरिमामयी विदाई समारोह के अवसर पर जिला पत्रकार संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने एएसपी गजेंद्र सिंह कंवर के कार्यकाल की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान पत्रकार बंधुओं ने एएसपी कंवर को शॉल और श्रीफल भेंट कर तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य व आगामी सफल कार्यकाल की कामना के साथ भावभीनी विदाई दी।
Author: Shabd Agni
.