शासकीय राशन (गेहूं एवं चावल) 100 प्रतिशत बरामद ।
शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़
बालाघाट – जिले के थाना गढ़ी, बैहर, बिरसा एवं मलाजखण्ड क्षेत्र अंतर्गत संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में विगत एक – डेढ माह के दौरान लगातार चोरी की घटनाएं घटित हो रही थीं। आरोपियों द्वारा थाना गढ़ी क्षेत्र के ग्राम घुईटोला, थाना बैहर क्षेत्र के ग्राम जत्ता, मजगांव, डुडगांव एवं करेली, थाना बिरसा क्षेत्र के ग्राम खुर्सीपार तथा थाना मलाजखण्ड क्षेत्र के ग्राम टिंगीपुर, पल्हेरा, परसाही एवं सुरवाही स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निशाना बनाकर दुकानों के शटर, चैनल गेट एवं ताले तोड़कर शासकीय खाद्यान्न की चोरी की गई थी। उक्त घटनाओं में कुल लगभग 250 क्विंटल शासकीय खाद्यान्न चोरी होना पाया गया, जिस संबंध में संबंधित थाना क्षेत्रों में पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। लगातार हो रही इन संगठित चोरी की घटनाओं की गंभीरता को दृष्टिगत रखते वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन कर तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं सतत निगरानी के माध्यम से आरोपियों की पतासाजी हेतु विशेष अभियान चलाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
अपराध का खुलासा-
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के मद्देनजर गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा संभावित क्षेत्रों में गश्त, नाकाबंदी, तकनीकी विश्लेषण एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान थाना मलाजखण्ड क्षेत्र के ग्राम पल्हेरा स्थित राशन दुकान में चोरी की सूचना प्राप्त होने पर संभावित मार्गों पर नाकाबंदी की गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्ध पिकअप वाहन का बछेरा पाठ-भोरा जंगल मार्ग पर पीछा कर घेराबंदी की गई, जिसमें चालक सहित चार आरोपियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित राशन दुकानों में चोरी की घटनाएं कारित करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया शासकीय खाद्यान्न बरामद किया गया है तथा गिरोह की अन्य गतिविधियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ एवं वैधानिक कार्यवाही जारी है।
अपराध करने का तरीका
पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपीगण मूलतः जिला जालौन (उ.प्र.) के निवासी हैं। आरोपी सानू का ससुराल कवर्धा छ.ग. मे है इसलिए यही निवासरत है तथा आरोपी रज्जन वर्मा भी परिवार सहित कवर्धा मे रहता है। सभी आरोपीगण जालौन उ प्र मे पूर्व से ही एक दूसरे के दोस्त है। कबाड़ खरीदने की आड़ में करीब दो माह से बालाघाट के ग्रामीण क्षेत्रों में घूम रहे थे। पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपीगण दिन के समय मोटर साइकिल से विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में कबाड बेचने के बहाने घूम घूमकर शासकीय उचित मूल्य दुकानों की रेकी करते थे तथा सुनसान एवं सीसीटीवी रहित दुकानों को चिन्हित कर चोरी की योजना बनाते थे। इसके बाद रात्रि में पिकअप वाहन एवं मोटर साइकिल से घटनास्थल पर पहुंचकर लोहे के सरिये से दुकानों के शटर, चैनल गेट एवं ताले तोड़कर अंदर प्रवेश करते थे तथा गेहूं एवं चावल की बोरियों को पिकअप में भरकर गांव के बाहर सुनसान जगह पर छिपा देते थे
इस वारदात में गिरफ्तार आरोपीगण सानू पिता रज्जाक, उम्र 27 वर्ष, निवासी रामनगर लोहारा रोड, पेट्रोल टंकी के पास, जिला कबीरधाम (कवर्धा), छत्तीसगढ़।
रज्जन वर्मा पिता गजराज वर्मा, उम्र 26 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 07, गंगानगर, जिला कबीरधाम (कवर्धा), छत्तीसगढ़।
सद्दाम शाह पिता रुस्तम शाह, उम्र 28 वर्ष, निवासी खटीकान मोहल्ला, थाना जालौन, जिला जालौन, उत्तर प्रदेश।
रिजवान शाह पिता जारअली शाह, उम्र 28 वर्ष, निवासी तोपखाना, शाहगंज, थाना जालौन, जिला जालौन, उत्तर प्रदेश
Author: Shabd Agni
.