ग्राम मेघा की श्रीमती बजारी बाई ने पेश की मिसाल
शब्द अग्नि / बड़वानी / जिला प्रशासन बड़वानी द्वारा पाटी विकासखंड में संचालित समुदाय आधारित पोषण सखी मॉडल स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में मील का पत्थर साबित हो रहा है। इस मॉडल के तहत समुदाय की स्थानीय महिलाओं को ही समस्या के समाधान का हिस्सा बनाकर, समाज में स्वास्थ्य के प्रति व्यवहार परिवर्तन आधारित कार्य किए जा रहे हैं. जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों में कुपोषण की चुनौती से निपटने और आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्यभार को साझा करने के उद्देश्य से लागू किया गया यह मॉडल अब जमीनी स्तर पर बेहद सकारात्मक परिणाम दे रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड पाटी के ग्राम मेघा के आंगनवाड़ी केंद्र मेघा के पटेल फलिया की पोषण सखी श्रीमती बजारी बाई ने क्षेत्र में पोषण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में उल्लेखनीय और सराहनीय योगदान देकर एक नई मिसाल पेश की है । श्रीमती बजारी बाई द्वारा अपने क्षेत्र में अति कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें बिना किसी देरी के पोषण पुनर्वास केंद्र ( एनआरसी ) और उपयुक्त स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराने में अत्यंत सक्रिय भूमिका निभाई गई है । इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र की हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य एवं पोषण सत्रों VHSND में नियमित रूप से उपस्थित कराने के लिए निरंतर प्रेरित किया है । उनके द्वारा समुदाय स्तर पर लगातार दी गई समझाइश और सघन संपर्क के माध्यम से सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिला है, जिससे क्षेत्र के मातृ एवं बाल स्वास्थ्य संकेतकों में उत्साहजनक सुधार दिखाई दे रहा है>
Author: Shabd Agni
.