ऑनलाइन साइबर ठगी का खुलासा,
शब्द अग्नि मनोज जैन कलाकार
अशोकनगर। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन साइबर ठगी के एक मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा व्हाट्सएप लिंक के माध्यम से 1.20 लाख रुपये से अधिक की ठगी की गई थी। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश एवं एसडीओपी विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में थाना देहात और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार बीती 13 जून को ग्राम बमूरिया निवासी मोनू पुत्र अशोक सिंह दांगी ने थाना देहात में शिकायत दर्ज कराई थी कि व्हाट्सएप पर प्राप्त एक लिंक पर क्लिक करने के बाद उसके खाते से 1,20,499 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
साइबर ट्रैकिंग कर आरोपी को पकड़ा
जांच के दौरान पुलिस टीम ने साइबर तकनीकि की सहायता से वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण और ट्रैकिंग की। इसके आधार पर विदिशा जिले के ग्राम भौंरा मुगलसराय निवासी 32 वर्षीय आरोपी जगत सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह दांगी को 18 जून को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के मोबाइल फोन से अवैध लेन-देन से संबंधित स्क्रीनशॉट भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया है। पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन पैसे कमाने के लालच में न आएं और किसी भी अज्ञात लिंक या संदिग्ध संदेश पर क्लिक करने से बचें। साथ ही डिजीटल अरेस्ट जैसी किसी भी भ्रामक प्रक्रिया से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें
Author: Shabd Agni
.