3 बुलेट चालकों पर कार्रवाई
शब्द अग्नि मनोज जैन कलाकार
अशोकनगर। जिले में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 17 जून को यातायात प्रभारी निरीक्षक मनीष सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम द्वारा सघन जांच की गई। जांच के दौरान कुल 10 बुलेट मोटरसाइकिलों की चैकिंग की गई, जिनमें से 3 वाहनों में नियम विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर पाए गए। इन वाहनों से अत्यधिक शोर एवं पटाखों जैसी आवाज उत्पन्न हो रही थीं, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 1000 रुपये के हिसाब से कुल 3000 रुपये का चालान किया। साथ ही मौके पर ही अवैध साइलेंसर हटवाकर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि विद्यार्थियों, मरीजों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए गंभीर समस्या भी बनती है। उन्होंने जिले के वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहनों में केवल मानक उपकरणों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। यातायात पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस तरह के वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Author: Shabd Agni
.