VISITORS

0 1 2 8 3 5

June 19, 2026 1:24 am

+91 8878812345

Explore

Search

June 19, 2026 1:24 am

मनावर को दी आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात

लगभग 951.21 लाख रुपये की लागत से निर्मित 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल भवन का हुआ लोकार्पण

शब्द अग्नि / धार। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री तथा धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने आज धार जिले के मनावर विकासखंड में आयोजित जन कल्याण शिविर के अंतर्गत नवनिर्मित 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल भवन का विधि-विधान से शुभारंभ कर उसे आम जनता को समर्पित किया। इस सर्वसुविधायुक्त चिकित्सालय भवन का निर्माण लगभग 951.21 लाख रुपये की लागत से किया गया है।
लोकार्पण अवसर पर संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार नागरिकों को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा कि मनावर में निर्मित यह आधुनिक अस्पताल क्षेत्र की स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करेगा। इस सर्वसुविधायुक्त अस्पताल के प्रारंभ होने से अब मनावर सहित आसपास के सुदूर ग्रामीण अंचलों के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त होंगी। अब गंभीर एवं सामान्य उपचार के लिए क्षेत्रवासियों को दूरस्थ बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे नागरिकों के समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी।
केंद्रीय मंत्री श्रीमती ठाकुर ने स्वास्थ्य क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना और स्वास्थ्य अधोसंरचना के निरंतर विस्तार से गरीब और जरूरतमंद वर्गों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने जन कल्याण शिविर के माध्यम से शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों से सीधा संवाद भी किया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती रंजना बघेल, पूर्व विधायक श्री मुकाम सिंह किराड़े सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक उपस्थित थे।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर