समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करें – कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर
शब्द अग्नि मुस्तकिम मुगल आलीराजपुर,। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में कलेक्टर सभा कक्ष में जिले में विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्ष 2016 से अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 90 हजार से अधिक आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिनमें से लगभग 97 प्रतिशत कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं तथा शेष कार्य प्रगति पर हैं।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा बताया गया कि वर्ष 2025-26 में नवीन नलकूप खनन योजना के तहत 140 कार्य पूर्ण किए गए हैं तथा 100 सिंगल फेस मोटर पंप स्थापित किए गए हैं। वर्तमान में जिले में कुल 2344 सिंगल फेस मोटर पंप संचालित हैं, जिनसे ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध हो रहा है। शिक्षा विभाग की समीक्षा में कलेक्टर श्रीमती माथुर ने कानाकाकड़ स्थित आश्रम शालाओं के निर्माण कार्य नए शैक्षणिक सत्र से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने भवनों के भौतिक सत्यापन, मरम्मत एवं अनुपयोगी भवनों के हस्तांतरण के निर्देश भी दिए। साथ ही भूमि संबंधी समस्याओं के निराकरण, पीएमश्री कन्या आश्रमों के शीघ्र निर्माण, खेल मैदानों के विकास तथा सभी विद्यालयों में अनिवार्य रूप से शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Author: Shabd Agni
.