अभिभावकों को सहभागिता के लिए किया प्रेरित
शब्द अग्नि / हिमालय गोहिया सीहोर-इंदौर-भोपाल हाईवे स्थित सेंट एंजेला स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी अखिलेश राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ द्वारा उनका पुष्पमाला पहनाकर एवं पुष्प गुलदस्ता देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री राय ने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे विद्यालय में आयोजित प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने बच्चों का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के आत्मविश्वास और समग्र विकास के लिए माता-पिता की उपस्थिति और सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।
श्री राय ने कहा कि यदि माता-पिता अपने कुछ सपनों को पूरा नहीं कर पाए हैं, तो वे अपने बच्चों का सही मार्गदर्शन कर उन्हें उनके लक्ष्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केवल विद्यालय पर निर्भर रहने के बजाय अभिभावकों को घर पर भी बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन एवं अन्य गतिविधियों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने अभिभावकों को नियमित रूप से पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग में भाग लेने की सलाह देते हुए कहा कि इससे बच्चों की शैक्षणिक प्रगति एवं गतिविधियों की सही जानकारी मिलती है और समय-समय पर उचित मार्गदर्शन दिया जा सकता है।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्री राय ने कहा कि प्रत्येक छात्र को अपनी पढ़ाई के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उसे प्राप्त करने के लिए मेहनत, लगन एवं ईमानदारी से प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, सकारात्मक सोच बनाए रखने और निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।
Author: Shabd Agni
.