युवा संगम कार्यक्रम आयोजित
शब्द अग्नि / हिमालय गोहिया
सीहोर। युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा युवाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान युवाओं का रक्तचाप (ब्लड प्रेशर),बीएमआई तथा अन्य आवश्यक जांचों के साथ मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग भी की गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA ID) भी बनाई गई। युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, नशामुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में साइकाइट्रिस्ट डॉ. प्राजक्ता कुलकर्णी, किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता ममतेश राठौर, नर्सिंग ऑफिसर दीपक ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। टीम द्वारा युवाओं की मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग कर आवश्यकतानुसार परामर्श एवं रेफरल सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा आवश्यकता पड़ने पर टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 एवं उपलब्ध मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की जानकारी भी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने युवाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच कराकर स्वस्थ एवं जागरूक जीवनशैली अपनाने की अपील की।
Author: Shabd Agni
.