VISITORS

0 1 8 1 8 2

August 3, 2026 3:20 am

+91 8878812345

लेटेस्ट न्यूज़

सेंधवा : सिविल अस्पताल में दवाओं का संकट, मरीजों को बिना दवा लौटाया

डॉक्टर की पर्ची पर लिखी दवाएं नहीं मिलीं, मरीजों ने स्टॉक और वितरण व्यवस्था पर उठाए सवाल

शब्द अग्नि / नौशाद अली 

सेंधवा सिविल अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता को लेकर मरीजों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार को इलाज कराने पहुंचे एक मरीज को डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाएं अस्पताल से नहीं मिल सकीं। दवा वितरण काउंटर पर स्टॉक उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर उसे वापस भेज दिया गया।

डॉक्टर ने लिखी दवा, काउंटर से खाली हाथ लौटे मरीज

मरीज नौशाद अली ने बताया कि जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें आवश्यक दवाएं लिखकर दी थीं। जब वे दवा वितरण काउंटर पर पहुंचे तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने दवाएं देने से इनकार कर दिया और बताया कि संबंधित दवाएं स्टॉक में उपलब्ध नहीं हैं। उनका आरोप है कि आंखों में डालने वाला सामान्य ड्रॉप भी अस्पताल में उपलब्ध नहीं था।

कर्मचारियों के व्यवहार पर भी उठे सवाल

नौशाद अली का कहना है कि दवाओं की अनुपलब्धता के संबंध में जानकारी मांगने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि काउंटर पर मौजूद कर्मचारी ने समस्या का समाधान बताने के बजाय शिकायत करने की बात कह दी। इसके बाद जब उन्होंने शिकायत दर्ज कराने के लिए बीएमओ से संपर्क करने का प्रयास किया तो जानकारी मिली कि वे बैठक में व्यस्त हैं।

अन्य मरीजों ने भी जताई नाराजगी

घटना के बाद अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों और उनके परिजनों ने भी दवाओं की कमी पर नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना है कि अस्पताल में अक्सर सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध नहीं रहतीं, जिसके कारण उन्हें निजी मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

जांच और नियमित आपूर्ति की मांग

मरीजों और परिजनों ने अस्पताल में दवा स्टॉक तथा वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी अस्पताल में आने वाले मरीजों को निर्धारित दवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं तथा आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर