पीडित के साथ सद्व्यवहार करें, सुरक्षा का एहसास दिलायें-डॉ जाटव
दैनिक शब्द अग्नि / जिला ब्यूरो बंटी सोनी
श्योपुर, मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने कहा है कि पीडित के साथ सद्व्यवहार करें, उन्हें कानून के तहत पूरी सुरक्षा उपलब्ध करायें तथा पीडितों को सुरक्षा का एहसास भी दिलायें। वे आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित अनुसूचित जाति के व्यक्तियों पर घटित अपराधों की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल, एडिशनल एसपी प्रवीण भूरिया, एसडीएम गगन सिंह मीणा सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
एससी आयोग अध्यक्ष डॉ कैलाश जाटव ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पॉक्सो एक्ट के मामले में कार्यवाही तो करे ही बल्कि पीडित परिवार का फॉलोअप भी करें। उनके साथ आत्मीय व्यवहार निभायें, जिससे पीडित परिवार को इस प्रकार की घटनाओं से उभरने में संबल प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में इस प्रकार के बेहतर कार्य करें कि जब थाना छोडे तो लोगों की प्रशंसा मिले और तब हमें लगे कि हमने कुछ किया है।
इस अवसर पर उन्होने अनुसूचित जाति से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि लंबित 18 प्रकरणों की विवेचना शीघ्र पूर्ण कर कोर्ट में चालान पेश किये जायें, जिन मामलों में जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता है, उन्हें समन्वय के साथ बनवायें। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2024 में 65, वर्ष 2025 में 81 तथा वर्ष 2026 में 47 प्रकरण अनुसूचित जाति के व्यक्तियों पर हुए अपराधों से संबंधित दर्ज किये गये है। इसी प्रकार राहत प्रकरणों की समीक्षा में बताया गया कि पुलिस द्वारा 62 राहत प्रकरण समिति को प्रस्तुत किये गये है।
आयोग के अध्यक्ष डॉ जाटव ने कहा कि प्रत्येक थाने में हेल्पलाइन नंबर स्थापित किया जायें, इसके साथ ही थाना क्षेत्र में 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्ग व्यक्तियों की सूची बनाये तथा भ्रमण के दौरान बुजुर्गो से चर्चा भी करें। इसके साथ ही सोशल मीडिया इनफ्ल्युन्सर की सूची भी थाने में तैयार कराई जायें। इसके साथ ही थाना क्षेत्र में काम कर रहे एनजीओ की सूची भी रखी जाये, इसके साथ ही एनजीओ की फंडिंग तथा गतिविधियों पर भी निगरानी रखे, अनैतिक गतिविधियों एवं धर्मातंरण की स्थिति में वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराये। नशामुक्ति के लिए कार्य करें तथा अपने क्षेत्र में निगरानी बढाते हुए हर गांव में पुलिस की ओर से एक मॉनीटर बनाये, जिससे अपराधो पर नियंत्रण होगा।
नशामुक्ति की शपथ दिलाई

एससी आयोग के अध्यक्ष डॉ कैलाश जाटव द्वारा बैठक के उपरांत पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सभी पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा नशे के विरूद्ध लोगों को जागरूक करने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य गिरधारी बैरवा, अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष पूरण आर्य भी उपस्थित थे।
Author: Shabd Agni
.