शब्द अग्नि मनोज जैन कलाकार
अशोकनगर। शासन के निर्देशानुसार 12 जून से 18 जून तक जिले में आयोजित किये गये जनकल्याण शिविरों में विभागों द्वारा हितग्राहियों को लाभांवित किये जाने संबंधी विभागीय उपलब्धियों को निर्धारित पोर्टल पर दर्ज कराएं। इस आशय के निर्देश कलेक्टर साकेत मालवीय ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित विभिन्न अभियानों की समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर श्री मालवीय ने कहा कि शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से विकासखण्ड स्तर पर तथा नगरीय निकाय स्तर पर जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया गया। साथ ही शिविरों में विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर उनका मौके पर निराकरण किया गया। इन शिविरों में लाभांवित हितग्राहियों को प्रदत्त कराए गए लाभ की जानकारी पोर्टल पर भरी जाए। उन्होंंने अधिकारियों को इस पर विशेष ध्यान दिए जाने हेतु निर्देशित किया।
एक वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी दें अधिकारी-
बैठक में कलेक्टर श्री मालवीय ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन के निर्देशानुसार सभी विभाग अपने-अपने विभाग से संबंधित विगत एक वर्ष की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी एक सप्ताह के अंदर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उपलब्धियों के आधार पर जिले की विकास पुस्तिका तैयार की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी निर्धारित बिन्दुवार जानकारी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
Author: Shabd Agni
.