सिंहस्थ-2028 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन हेतु पुलिस बल को किया जाएगा प्रशिक्षित
शब्द अग्नि/आशीष बृजेश द्विवेदी
पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए आज दिनांक 01 जुन 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्थित रुस्तमजी कॉन्फ्रेंस हॉल में 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. (भा.पु.से.) द्वारा किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा, रक्षित निरीक्षक श्री केशव सिंह चौहान, निरीक्षक श्री राकेश साहू , सूबेदार श्री आशिष तिवारी एवं अधिकारी / कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा सिंहस्थ-2028 में ड्यूटी हेतु पुलिस बल को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से तैयार किए गए 6 दिवसीय प्रशिक्षण मॉड्यूल के अनुसार जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के कुल 658 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तब तक संचालित किया जाएगा जब तक जिले का शत-प्रतिशत पुलिस बल प्रशिक्षित नहीं हो जाता।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सिंहस्थ महापर्व की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक पृष्ठभूमि से अवगत कराया जाएगा। साथ ही सिंहस्थ मेले में कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, अभिसूचना संकलन, वीआईपी मूवमेंट, आपदा प्रबंधन, आतंकवाद एवं नक्सल गतिविधियों से सुरक्षा, मेला क्षेत्र में चेकिंग एवं निगरानी, सोशल मीडिया प्रबंधन, संचार व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, विस्फोटक पदार्थों की पहचान एवं निराकरण, मेडिकल इमरजेंसी तथा क्विक रिस्पॉन्स अरेंजमेंट्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिदिन पी.टी., योग एवं मेडिटेशन का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे पुलिस बल शारीरिक एवं मानसिक रूप से दक्ष एवं तनावमुक्त रह सके। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं, विदेशी पर्यटकों एवं विशिष्ट अतिथियों के प्रति व्यवहार, संवाद कौशल एवं सॉफ्ट स्किल्स से संबंधित विषयों पर भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिंहस्थ बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जहां करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे विशाल आयोजन में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव भविष्य में पुलिस बल को बेहतर सेवाएं देने में सहायक सिद्ध होगा तथा सिंहस्थ-2028 के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी प्रशिक्षण मॉड्यूल में सिंहस्थ-2016 के अनुभवों, आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाओं, तकनीकी संसाधनों, आपदा प्रबंधन एवं जनसंपर्क के विभिन्न पहलुओं को शामिल किया गया है, जिससे पुलिस बल को व्यावहारिक एवं प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान किया जा सके।
सिंगरौली पुलिस द्वारा उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम को गंभीरता एवं पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ संचालित किया जा रहा है, जिससे सिंहस्थ-2028 में ड्यूटी हेतु जिले का पुलिस बल पूर्ण रूप से प्रशिक्षित एवं तैयार रह सके।
Author: Shabd Agni
.