VISITORS

0 0 6 0 7 2

February 12, 2026 12:20 pm

+91 8878812345

Explore

Search

February 12, 2026 12:20 pm

इंदौर : एस आई आर प्रक्रिया का लक्ष्य पूर्ण

बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे

शब्द अग्नि। इंदौर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा की अध्यक्षता में इंदौर जिले में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मान्यता प्राप्त सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि इंदौर जिले ने एसआईआर निस्तारण का निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण कर लिया है। बैठक में आयोग के निर्देशानुसार अगले चरण की गतिविधियों को गति देने और निर्धारित समय में पूर्ण करने के लिए विस्तृत जानकारी साझा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नवजीवन विजय पवार, सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत श्रीवास्तव, मुख्य प्रशिक्षक आर. के. पांडे सहित अन्य अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा ने जिले में पूर्ण किए गए लक्ष्य के लिए सभी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से यह कार्य निर्धारित समय के पूर्व सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया है। बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने इंदौर जिले में हुए कार्यों की सराहना की,

दावे आपत्ति के बाद प्रकाशित होगी नई मतदाता सूची

अनमैण्ड रह जाने वाले मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे और वे आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर अपने दावे प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके बाद दावा-आपत्ति प्रक्रिया पूर्ण होने पर फाइनल ड्राफ्ट रोल प्रकाशित किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि जिले में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से वंचित नहीं रहे। बैठक में राजनीतिक दलों को नए प्रस्तावित मतदान केंद्रों की जानकारी भी दी गई। आगामी ड्राफ्ट रोल इन्हीं अद्यतन मतदान केंद्रों को ध्यान में रखते हुए प्रकाशित किए जाएंगे। बैठक में बताया गया कि जिले में वर्तमान में अभी 2625 मतदान केंद्र है। जिले में 585 नए मतदान केंद्र आयोग के अनुमोदन के पश्चात बनाए गए हैं। इन्हें मिलाकर अब जिले में 3210 मतदान केंद्र हो गए हैं। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा जनसुविधा बढ़ाने के कई सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिनमें बीएलओ और एईआरओ की बैठकों के स्थानों को इस प्रकार निर्धारित करने पर जोर रहा कि मतदाताओं को दावा-आपत्ति प्रक्रिया हेतु लंबी दूरी तय न करनी पड़े। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि सभी सार्थक सुझावों को लागू किया जाएगा, ताकि संपूर्ण प्रक्रिया अधिक सुगम और पारदर्शी बन सके।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि एब्सेंट, शिफ्टेड, डेड तथा डुप्लीकेट प्रविष्टियों की भी समीक्षा की गई है और इनसे संबंधित आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी। यदि कोई मतदाता स्वयं आकर निर्धारित समय में दावा प्रस्तुत करता है, तो उसके नाम को भी नियमानुसार अपडेट किया जाएगा।
अधिकारियों ने इंदौर जिले के सभी मतदाताओं के सहयोग और सहभागिता के लिए आभार व्यक्त करते हुए अपील की कि जो भी मतदाता अनमैण्ड हैं या एसजीडी सूची में जिनका नाम अपडेट होना है वे शीघ्र अपना दावा प्रस्तुत करें, ताकि निर्वाचन कार्य समय पर और सुचारू रूप से पूर्ण हो सके। बैठक में बताया गया कि निर्वाचन आयोग के सभी निर्देशों का पालन करते हुए आगामी चरणों को भी जिले में सर्वोत्तम तरीके से सफलतापूर्वक निर्धारित समय में संपादित किया जाएगा।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर