शब्द अग्नि / इंदौर शहर के लिए साल 2025 सिर्फ एक कैलेंडर नहीं था। कानून व्यवस्था, पुलिसिंग, सामाजिक तानाबाना और सुरक्षा के लिहाज से यह बेहद उथल-पुथल भरा रहा। राजा रघुवंशी हत्याकांड, डिजिटल अरेस्ट कैंस, ट्रक हादसा और मोहसिन खान जैसे लव जिहादी के कारण देशभर में सुर्खियां बनी। आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से हुई छेड़छाड़ की घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर की छवि धूमिल भी कर दी। बड़े मामलों में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए तो कुछ मामलों में जनप्रतिनिधियों की चुप्पी भी खटक गई। एमवाय अस्पताल में हुए चूहे कांड के बाद भी राजनेताओं की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए गए। साल 2025 में इंदौर में कानून-व्यवस्था के लिहाज से कई चुनौतीपूर्ण घटनाएं सामने आई। शहर में हत्या, डिजिटल ठगी और ड्रग तस्करी से जुड़े 10 से अधिक गंभीर मामले चर्चा में रहे हम यहां पर प्रमुख दस घटनाओं को ले रहे हैं जो याद दिलाती हैं कि इंदौर का नाम पूरे देश में ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कितना धूमिल हुआ।
राजा रघुवंशी हत्याकांड साल की सबसे सनसनीखेज वारदातों में से एक रही।
अपनी शादी के बाद हनीमून पर गए राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी ने अपने प्रेमी राज के साथ मिलकर रची थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ट्रक हादसा
एरोड्रम से बड़ा गणपति के बीच हुए ट्रक हादसे ने पूरे शहर में सनसनी मचा दी। शराब पीकर नो एंट्री में घुसे ट्रक (एमपी 09 जेडपी 4069) के चालक ने 20 लोगों को टक्कर मार दी थी। काल बनकर आए चालक गुलशेर खान ने आग लगने तक ट्रक नहीं रोका। इस हादसे में कैलाशचंद्र जोशी, लक्ष्मीनारायण सोनी, महेश और संदीप की मौत हो गई। अन्नपूर्णा निवासी कैलाश का शव ट्रक में फंस गया था। बाइक से निकली चिंगारी से ट्रक में आग लग गई। इस घटना का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संज्ञान लेते हुए ट्रेफिक डीसीपी अरविंद तिवारी सहित कई पुलिसकर्मियों को हटा दिया।
ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेटरों के साथ अभद्रता और छेड़छाड़
अक्टूबर 2025 में रोबोट स्क्वायर (रिंग रोड) के पास ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेटरों के साथ सड़क पर चलते समय अभद्रता और छेड़छाड़ की कोशिश की गई। इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर की छवि को प्रभावित किया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर खजराना निवासी अकील को पकड़ा।
शूटिंग एकेडमी में युवतियों के साथ हुई यौन शौषण की घटना
शूटिंग एकेडमी में हिंदू युवतियों के साथ हुई यौन शौषण की घटना ने भी चौंका दिया। एकेडमी के संचालक मोहसिन खान पर सौ से ज्यादा लड़कियों के शोषण करने का आरोप लगा। रिटायर सैन्यकर्मी का बेटा मोहसिन अन्नपूर्णां थाना अंतर्गत एकेडमी संचालित करता था। उसने कई युवतियों से रुपये लिए और उन्हें मांस तक खिलाया। हिंदू संगठन की पहल पर केस की परतें खुली तो पता चला उसके साथ फैजान और इमरान भी गिरोह में शामिल थे।
चूहों ने दो नवजातों के अंग कुतर लिए।
इंदौर के एमवाय अस्पताल में चूहों ने दो नवजातों के अंग कुतर लिए। दोनों नवजातों की मौत के बाद यह मामला अंतरराष्ट्रीय अखबारों में भी सुर्खियां बना। एमवाय अस्पताल के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने दो नर्सिंग ऑफिसर को सस्पेंड किया और नर्सिंग सुपरिटेंडेंट को हटाया। प्रभारी समेत कई लोगों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। साफ सफाई का ध्यान रखने वाली कंपनी का ठेका भी निरस्त किया गया।
चाइनीज मांझे की बिक्री
संक्रांति से पहले इंदौर में चाइनीज मांझे की बिक्री तेज हो गई। बायपास पर चाइनीज मांझे से छात्र गुलशन का गला कट गया और उसकी मौत हो गई। बायपास पर हुई इस घटना के बाद पुलिस ने शहर में मांझा बेचने वालों के विरुद्ध कार्रवाई शुरु की। इस बीच फिर से एक युवक का अंगूठा कट गया और एक अन्य युवक गला कटने से गंभीर रूप से घायल हो गया। इस पूरे मामले में पुलिस की कई स्तर पर लापरवाही सामने आई।
हत्या, डिजिटल अरेस्ट, ठगी की घटनाये
अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चारू ठाकुर ने अपने प्रेमी और साथियों के साथ मिलकर एक युवक की हत्या कर दी। विवाद का कारण केवल सोशल मीडिया पर किया गया एक मामूली कमेंट था, जो बाद में हिंसक रंजिश में बदल गया। साल 2025 में साइबर अपराधों में भारी बढ़ोतरी देखी गई। एक महिला कारोबारी को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर अपराधियों ने लगभग 70 लाख रुपये की ठगी की। इसके अलावा, अमेरिकी जालसाजों द्वारा इंदौर की एक कंपनी से 3.72 करोड़ रुपये उड़ाने का मामला भी सामने आया, जिसमें पुलिस ने रिकवरी में सफलता हासिल की।
नशीले प्रदार्थो की तस्करी पर कार्यवाही
इंदौर पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ बड़े अभियान चलाए। नवंबर में एक विदेशी महिला (आइवरी कोस्ट की नागरिक) को कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, क्राइम ब्रांच ने शहर के विभिन्न हिस्सों से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स और गांजा जब्त किया। रिटायर जज रमेश चंद्र गर्ग के बंगले में नकाबपोश बदमाश घुस गए। पॉश कालोनी में हथियार लेकर घुसे बदमाशों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े कर दिए। बदमाशों ने जज के बेटे की मौजूदगी में घर से सामान साफ कर दिया। पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी खंगाले और बाग टांडा क्षेत्र के बदमाशों को गिरफ्तार किया।
Author: Shabd Agni
.
