उज्जैन में मुनादी के वायरल वीडियो से हड़कंप, महापौर खुद पानी की शुद्धता जांचने पहुंचे
शब्द अग्नि / उज्जैन | इंदौर में दूषित पेयजल से हुई मौतों के बाद उज्जैन में कुछ क्षेत्रों में नगर निगम की मुनादी से हड़कंप मच गया है। वीडियो वायरल हुआ तो बताया कि ये संदेश सिर्फ उस जगह के लिए था जहां रोड चौड़ीकरण के लिए पेयजल की लाइन खुली है। वहां पर पानी दूषित होने की संभावना को लेकर सिर्फ सावधान रहने को कहा था। इधर, मंगलवार को महापौर खुद कई क्षेत्रों में पानी की शुद्धता जांचने गली-गली पहुंचे।
मुनादी से मचा हड़कंप अगले आदेश तक नल के पानी को सीधे ना पिएं
उज्जैन नगर निगम द्वारा एक ई-रिक्शा से शहर के कुछ क्षेत्रों में दो दिन पहले मुनादी करवाई गई। अनाउसमेंट में क्षेत्र में दूषित जल होने की संभावना पानी नहीं पीने और उल्टी-दस्त होने की तुरंत सूचना देना का जिक्र था। वायरल वीडियो में जो सूचना दी गई उससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वीडियो में माइक से सूचना दी गई कि नगर निगम द्वारा सूचित किया जाता है कि कुछ क्षेत्रों में दूषित पेयजल के होने की संभावना पाई गई है। अगले आदेश तक नल के पानी को सीधे ना पिएं। आवश्यक होने पर पानी को अच्छे से उबालकर छानकर पिएं। नगर निगम द्वारा पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था टैंकर के माध्यम से की जा रही है। यदि किसी भी व्यक्ति को उल्टी-दस्त,
सिर दर्द या जल से संबधित कोई भी समस्या हो तो पीएचई कंट्रोल रूम नंबर 9406811060 और 07342535244 पर संपर्क करें।
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोग डर गए। हालांकि महापौर मुकेश टटवाल ने वायरल वीडियो को लेकर साफ किया कि सिंहस्थ को लेकर कई
जगह चौड़ीकरण का काम चल रहा है। ऐसे में सड़क नाली और पेयजल की टूटी हुई लाइन को लेकर मुनादी करवाई थी। बताया था कि गंदे पानी को लेकर क्षेत्रवासियों को सूचित करना है, लेकिन उसने जिस तरह से सूचित किया उससे सम्भवतः लोगों ने गलत समझ लिया बाद में उसे हटा दिया गया
केमिकल डाल पानी की शुद्धता जांची
इधर आदर्श नगर, अलकापुरी, छतरी चौक, कोयला फाटक से सेंट्रल कोतवाली इलाकों से मिल रही गंदे पानी की शिकायत को भी देखा। महापौर मुकेश टटवाल मंगलवार को महेश नगर, श्रीराम कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 04 नागेश्वर धाम कॉलोनी में जल कार्य समिति प्रभारी प्रकाश शर्मा, उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल एवं अधिकारियों के साथ खुद जल की शुद्धता जांचने पहुंचे। महापौर ने बताया कि मौके पर पानी में केमिकल डालकर जांच की गई की जिसमें पानी शुद्ध पाया गया। रहवासियों से भी चर्चा की है उन्होंने बताया कि पानी साफ आ रहा है।
Author: Shabd Agni
.
