बुजुर्गों को निशाना बनाने वाले ठगों पर एक और एफआईआर
शब्द अग्नि / इंदौर | विजयनगर थाना क्षेत्र में बुजुर्गों को एटीएम पर निशाना बनाकर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने एक और एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों ने परदेशीपुरा के बाद विजयनगर इलाके में भी रैकी कर इसी तरह की धोखाधड़ी की थी। शिकायत मिलने के बाद विजयनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहले से है आरोपी पुलिस गिरफ्त में
आरोपी पहले से पुलिस की गिरफ्त में हैं। जिनसे अब दूसरी वारदात के बारे में पूछताछ की जाएगी। बता दें कि दोनों वारदातें एक ही दिन (2 जनवरी) हुई हैं। पहली वारदात की एफआईआर पहले हो चुकी थी, जिस पर आरोपियों को पकड़ लिया गया था, जबकि दूसरी वारदात की एफआईआर सोमवार को हुई है | विजयनगर पुलिस ने 86 वर्षीय बुजुर्ग जगदीश पाल निवासी स्कीम नंबर 54 की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जगदीश पाल 2 जनवरी को भमोरी स्थित स्टेट बैंक के एटीएम पर अपना बैलेंस चेक करने पहुंचे थे। इसी दौरान दो युवक वहां आए और मदद का झांसा दिया। आरोप है कि आरोपियों ने पिन नंबर देख लिया और चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद आरोपियों में से एक ने यह कहकर उन्हें गुमराह कर दिया कि एटीएम से पैसे नहीं निकल रहे हैं, जिस पर जगदीश पाल घर लौट गए। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर लगातार मैसेज आने लगे। जब उन्होंने अपने नाती को इसकी जानकारी दी तो पता चला कि खाते से चार बार में कुल 40 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं। बाद में जब एटीएम कार्ड चेक किया गया तो वह किसी कैलाश नामक व्यक्ति का निकला। कलेक्टर कार्यालय से रिटायर्ड अधिकारी राजेश जोशी के साथ उसी दिन ठगी हुई थी। जिसकी एफआईआर परदेशीपुरा थाने में कराई गई थी और पुलिस ने रोहित पुत्र जयवीर सिंह भदौरिया निवासी भिंड, हर्षवर्धन पुत्र अनिल सिंह चौहान निवासी मैनपुरी और अंकित पुत्र जगमोहन परिहार निवासी मैनपुरी को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से एक बाइक भी बरामद की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि जगदीश पाल के साथ हुई वारदात में भी यही आरोपी शामिल थे। अब विजयनगर पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ करेगी। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने शहर के अन्य इलाकों में भी बुजुर्गों को निशाना बनाया है।
Author: Shabd Agni
.
