VISITORS

0 1 5 0 7 8

July 2, 2026 12:45 am

+91 8878812345

Explore

Search

July 2, 2026 12:45 am

बातों में उलझा कर निकाली हाथों से चूड़ियां

 

शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। चोइथराम क्षेत्र में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला के साथ संजय सेतु के सामने ठगी की वारदात सामने आई है। आरोपियों ने 10 रुपए में रानीपुरा से चोइथराम छोड़ने का झांसा देकर महिला को ई-रिक्शा में बैठाया और रास्ते में बातों में उलझाकर उसकी चूड़ियां उतार लीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना रावजी बाजार थाना क्षेत्र की है। पीड़िता 65 वर्षीय साधना निवासी चोइथराम ने पुलिस को बताया कि वह रानीपुरा में प्लास्टिक की ट्रे खरीदने आई थी। वापस घर जाने के लिए वह ई-रिक्शा का इंतजार कर रही थी, तभी एक ई-रिक्शा चालक वहां आया और 10 रुपए में चोइथराम छोड़ने की बात कही। महिला के अनुसार ई-रिक्शा में पहले से एक युवक आगे बैठा हुआ था। कुछ दूर चलने के बाद जब ई-रिक्शा संजय सेतु पर पहुंचा और वहां पुलिसकर्मियों को देखा तो चालक ने आगे बैठे युवक से पीछे आकर बैठने को कहा। इसके बाद युवक बुजुर्ग महिला के पास सटकर बैठ गया। आरोप है कि इसके कुछ देर बाद ई-रिक्शा चालक ने साधना से कहा कि वह कुछ काम से पांच मिनट में वापस आ रहा है और उसे वहीं उतार दिया। इसके बाद चालक ई-रिक्शा लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब महिला का ध्यान अपने हाथों पर गया तो दोनों चूड़ियां गायब थीं। पीड़िता ने आसपास खड़े लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर पीसीआर वैन पहुंची और महिला को रावजी बाजार थाने ले जाया गया। साधना ने बताया कि ई-रिक्शा में चार युवक और एक युवती सवार थे। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और ई-रिक्शा व उसके सवारों की तलाश की जा रही है।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर