झूठी शिकायत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग, कलेक्ट्रेट और खाराकुआ थाने का किया घेराव
शब्द अग्नि न्यूज़ । उज्जैन | स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के नाम पर झूठी शिकायतों के आधार पर कई मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। इसके विरोध में शहर जिला कांग्रेस ने फर्जी शिकायतकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय और खाराकुआ थाने का घेराव किया। कांग्रेस ने वार्ड- वार नाम कटने से जुड़ी आपत्तियों की जानकारी देते हुए एडीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
द्वेषपूर्ण शिकायतों के आधार पर काट दिए
जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश परमार ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत उज्जैन उत्तर और दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में वर्षों पुराने मतदाताओं के नाम द्वेषपूर्ण शिकायतों के आधार पर काट दिए गए हैं। उन्होंने
कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है और मतदाता सूची में हो रही धांधली को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी । महेश परमार ने बताया कि इस मुद्दे को देश के नेता राहुल गांधी पहले ही राष्ट्रीय स्तर पर उठा चुके हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने दर्ज कई आपत्तियां
नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने कहा कि शहर में हजारों मतदाताओं के नामों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं। पार्षदों और पूर्व पार्षदों के ही नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्टी के सभी कार्यकर्ता जानकारी संकलित कर रहे हैं और शीघ्र ही अन्य थानों में भी प्रकरण दर्ज कराए जाएंगे।
पार्षद ने थाने में आवेदन देकर की कार्रवाई की मांग
वार्ड 27 की पार्षद रुखसाना अनवर नागोरी और पूर्व पार्षद रहीम शाह लाला ने थाना खाराकुआ में भाजपा कार्यकर्ता प्रवीण जाधव और विजय राठौड़ के खिलाफ आवेदन देकर उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। महेश परमार ने फर्जी शिकायतकर्ताओं पर FIR दर्ज करने की मांग करते हुए सबूतों के साथ थाना प्रभारी खाराकुआ से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
Author: Shabd Agni
.
