शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर । लसूडिया इलाके में शनिवार रात एक रिसोर्ट में सिंगर निलेश पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब रिसोर्ट में सिंगिंग प्रोग्राम चल रहा था। गायक को पीटने के बाद, जब रिसोर्ट मैनेजर और स्टाफ ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो युवकों ने मंत्री के नाम का हवाला देकर धमकाया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवक कार लेकर चले गए। अभी सिंगर ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। लसूडिया बायपास पर स्थित द एस्केप वर्ल्ड रिसोर्ट में गायक निलेश प्रोग्राम कर रहे थे। इसी दौरान कुछ शराबी युवक गाना बंद करने के लिए कहने लगे । निलेश ने ध्यान न देने पर एक युवक ने माइक छीनकर थप्पड़ मार दिया। निलेश ने अपना बचाव किया और युवक को धक्का दिया, जिसके बाद उसके साथी भी विवाद के लिए खड़े हो गए। इस बीच, रिसोर्ट के मैनेजर और स्टाफ ने गायक का बचाव किया। शराबी युवकों ने उनसे भी बदतमीजी की। बाद में निलेश ने पुलिस को बुलाया। पुलिस के सामने भी युवक रिसोर्ट स्टाफ से बदतमीजी कर रहे थे और बीजेपी के मंत्री के नाम से धमकियां दे रहे थे। रिसोर्ट के अनुसार, सभी शराबी युवक कार नंबर MP09 AS4537 से आए थे, जिस पर लिखा था “बीजेपी सरपंच, ग्राम पंचायत मण्डलावदा।” हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।
Author: Shabd Agni
.
