VISITORS

0 0 6 0 2 6

February 11, 2026 9:06 am

+91 8878812345

Explore

Search

February 11, 2026 9:06 am

तिलक नगर-मनीषपुरी में विकास कार्यों का निरीक्षण

शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने की दिशा में नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में सोमवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। वे झोन क्रमांक- 10 के अंतर्गत साकेत नगर, तिलक नगर और मनीषपुरी क्षेत्र पहुंचे।
इस दौरान विधायक महेंद्र हार्डिया, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, एमआईसी मेंबर राजेंद्र राठौर, राजेश उदावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और निगम अधिकारी मौजूद रहे। महापौर ने यहां चल रहे कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। महापौर ने संविद नगर के पास स्थित सरकारी खदान की भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने निगम अधिकारियों से कहा कि यदि यह भूमि निगम स्वामित्व की है, तो इसके लिए डेवलपमेंट प्लान तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में क्षेत्र की सुविधाओं के विस्तार में इसका उपयोग किया जा सके। इसके बाद महापौर श्रीकृष्णा पब्लिक स्कूल से महावीर बाग पानी की टंकी तक बन रही सड़क परियोजना स्थल पर पहुंचे।
लगभग 2.27 करोड़ रुपए की लागत से बन रही यह सड़क 370 मीटर लंबी और 18 मीटर चौड़ी होगी। महापौर ने निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी, इसलिए इसे निर्धारित समय- सीमा में पूरा किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद महापौर, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मनीषपुरी से रिंग रोड को जोड़ने वाली लिंक रोड के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन सड़क का शेष कार्य शीघ्र पूरा करने और सड़क के बीच स्थित पुराने लाइट पोल को शिफ्ट करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर के प्रत्येक क्षेत्र तक सुव्यवस्थित सड़कें, जलप्रदाय और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चल रही परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। महापौर ने कहा कि विकास कार्यों की सतत निगरानी और नागरिकों से संवाद, शहर के निरंतर विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में जलप्रदाय, सड़क निर्माण और अन्य समस्याओं से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर