उज्जैन पुलिस ने धार से पकड़े बदमाश, रेकी करने वाला भी शामिल
शब्द अग्नि न्यूज़। उज्जैन पुलिस ने खाचरौद में कलेक्शन एजेंट से हुई लूट का पांच दिन बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस ने धार जिले के तीन बदमाशों और एजेंट की रेकी करने वाले एक युवक सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से लूटी गई नकदी, लैपटॉप और बाइक समेत 3.14 लाख रुपए से अधिक का सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि यह वारदात 4 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे खाचरौद क्षेत्र के लसुडिया खेमा और बाछाखेड़ी आम रोड पर हुई थी। SATIN CREDIT CARE NETWORK LTD के कलेक्शन एजेंट राहुल मेवाड़ा से तीन अज्ञात बदमाशों ने एयर गन दिखाकर 52 हजार रुपए नकद और एक लैपटॉप लूट लियाथा। जांच के दौरान पुलिस ने धार जिले के मोईन पिता इमरान खान, साहिल पिता शहजाद, अतुल पिता सूर्यमणी और खाचरौद निवासी अरमान पिता रोशन खान को गिरफ्तार किया है। इन चारों आरोपियों से कुल 3.14 लाख रुपए का माल बरामद किया है।
पुलिस ने इस मामले का खुलासा करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की है।
एसडीओपी आकांक्षा बीछोड़े ने बताया कि लुटेरों को पकड़ना पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी, क्योंकि वारदात के समय आरोपियों ने मास्क पहन रखे थे और उनकी बाइक का नंबर भी नहीं दिख रहा था। पुलिस ने संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस बदनावर पहुंची, जहां तीन संदिग्धों की पहचान हुई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी अरमान ही कलेक्शन एजेंट को पैसे जमा कराता था। उसी ने बदमाशों को एजेंट की गतिविधियों की पूरी जानकारी दी और रेकी की थी, जिसके बाद लूट की इस वारदात को अंजाम दिया गया।
Author: Shabd Agni
.
