VISITORS

0 0 7 2 0 6

April 2, 2026 5:09 pm

+91 8878812345

Explore

Search

April 2, 2026 5:09 pm

महू रेलवे स्टेशन विस्तार को हरी झंडी,

जमीन अधिग्रहण शुरू

शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। शहर में डॉ. आंबेडकर नगर महू रेलवे स्टेशन को लंबी दूरी की ट्रेनों का स्टॉपेज बनाने की कवायद के तहत ब्रॉड गेज लाइन बिछाए जाने के बाद कई ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है। हालांकि, स्टेशन परिसर में जगह की कमी के कारण स्टेशन विस्तार और ट्रेनों के ठहराव में परेशानी आ रही थी।
इसी को देखते हुए पश्चिम रेलवे द्वारा रक्षा मंत्रालय को भूमि अधिग्रहण के लिए पत्र लिखा गया था। रेलवे स्टेशन के समीप स्थित अवैध खान, कंचन विहार और खान कॉलोनी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। अतिक्रमण हटने से रेलवे को लगभग साढ़े तीन एकड़ भूमि उपलब्ध होगी, जिससे स्टेशन विस्तार में आ रही बाधाएं दूर होंगी। मंगलवार को रक्षा संपदा विभाग, कैंट बोर्ड महू और पश्चिम रेलवे के अधिकारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई इस दौरान जेसीबी, पोकलेन, डंपर, ट्रैक्टर सहित अन्य भारी मशीनों का उपयोग
किया गया। कर्मचारियों द्वारा कई मकानों को हथौड़ों से तोड़ा गया। उल्लेखनीय है कि नोटिस जारी होने के बाद कुछ लोगों ने स्वयं भी अपने अतिक्रमण हटाने शुरू कर दिए थे। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए आरपीएफ, जीआरपी और मध्यप्रदेश पुलिस का बल तैनात रहा।

अतिक्रमण हटाने के दौरान क्षेत्रवासियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि वे वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं और मकान टूटने से वे बेसहारा हो जाएंगे। लोगों की आपत्तियों के बावजूद अधिकारियों ने कार्रवाई जारी रखी। इस मामले में राकेश परमार (एसडीएम महू) ने कहा कि रेलवे की जमीन है रक्षा संपदा विभाग द्वारा नोटिस जारी किए थे इसके बाद अवैध रूप से निर्मित मकान एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। डॉ. आंबेडकर नगर महू से मनमाड तथा दाहोद गोधरा रेल परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है। कार्य पूर्ण होने के बाद महू से खंडवा होकर महाराष्ट्र जाने वाली ट्रेनों की संख्या में वृद्धि होगी। वहीं दाहोद – गोधरा लाइन शुरू होने से धार और झाबुआ क्षेत्र के यात्रियों को गुजरात जाने में सुविधा मिलेगी। वर्तमान में महू से रीवा, प्रयागराज इंटरसिटी सहित कई ट्रेनें संचालित हो रही हैं। इसके अलावा कई ट्रेनें महू स्थित लोको शेड में धुलाई के लिए आती हैं। स्टेशन विस्तार के बाद आने वाले दिनों में ट्रेनों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर