भोजशाला पहुंचे हुजूर विधायक मां वाग्देवी के दर्शन कर भोजशाला का किया अवलोकन
शब्द अग्नि / राघवेंद्र रघुवंशी
धार – ऐतिहासिक भोजशाला में प्रति मंगलवार को नियमित अखंड सत्याग्रह जारी है। भोजशाला मंदिर में देशभर से संत, विभिन्न संगठन के लोग और श्रद्धालुओं का आने का क्रम जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को नियमित अखंड सत्याग्रह में उच्च न्यायालय के फैसले के बाद भोपाल के हुजूर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रामेश्वर शर्मा भोजशाला पहुंचे। उन्होंने न सिर्फ पूरी भोजशाला का बारीकी से अवलोकन किया और नियमित सत्याग्रह में भी सम्मिलित हो कर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया और मां वाग्देवी की आरती कर आशीर्वाद लेकर हवन कुंड में आहुति भी डाली । ऐतिहासिक नगरी धार की भोजशाला में मंगलवार का दिन बेहद खास रहा। भोजशाला मंदिर में इन दिनों प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां वाग्देवी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। सत्याग्रह के दौरान सभी श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल था हनुमान चालीसा का पाठ कर मां वाग्देवी के जयघोष कभी लगाए । पूजा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए विधायक शर्मा अपने चिरपरिचित आक्रामक और बेबाक अंदाज में नजर आए। उन्होंने धार के हिंदुओं की पीठ थपथपाई तो वहीं मुस्लिम समाज को नसीहत और चेतावनी देने से भी गुरेज नहीं किया।
न्यायपालिका ने भी स्वीकारा सत्य
पत्रकारों को संबोधित करते हुए रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भोजशाला मां सरस्वती का एक भव्य और दिव्य पावन मंदिर है। उन्होंने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि “इस मंदिर को खंडित करने का षड्यंत्र अलाउद्दीन खिलजी के समय से लेकर अभी तक कई लोगों ने किया। लेकिन मैं धार के हिंदुओं को हृदय से बधाई देता हूं जिन्होंने इस संघर्ष को 700 साल तक जिंदा रखा। उन्होंने सड़कों पर लड़ाई भी लड़ी और न्यायपालिका का दरवाजा भी खटखटाया। आखिरकार न्यायपालिका ने भी यहां के तथ्य और सत्य को स्वीकार किया है। विधायक शर्मा ने इस मंच से मुस्लिम समाज से एक बड़ी अपील की, जिसमें नसीहत के साथ-साथ एक कड़ा संदेश भी छिपा था। उन्होंने कहा कि मैं मुसलमानों से अपील करना चाहूंगा कि वे थोड़ा समझें और इतिहास के तथ्य व सत्य को स्वीकार करें। राजा भोज द्वारा निर्मित यह भव्य मंदिर हिंदुओं को सौंप दें और गले मिलें। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो धार के हिंदुओं से प्रेरणा लेकर देश का हर हिंदू उठ खड़ा होगा। जहां-जहां तुम्हारे पुरखों ने इतिहास में गड़बड़ी की है, उन सभी स्थानों पर इसके परिणाम दिखने लगेंगे।
धार में बनेगा भव्य ‘सरस्वती लोक’, सीएम की घोषणा का स्वागत
भोजशाला के विकास को लेकर विधायक शर्मा ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने धार में ‘सरस्वती लोक’ बनाने की घोषणा की है। पुरातत्व विभाग के नियमों और महत्व को ध्यान में रखते हुए, जहां-जहां भी निर्माण की अनुमति होगी, वहां पूरी तैयारी के साथ भव्य निर्माण किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय भोजशाला समिति और अन्य विशेषज्ञों से भी सलाह-मशवरा किया जाएगा। राजा भोज की इस ऐतिहासिक राजधानी के गौरव को वापस लौटाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है।
इंग्लैंड से वापस आएगी मां वाग्देवी की प्रतिमा
रामेश्वर शर्मा ने लंदन के म्यूजियम में रखी मां वाग्देवी की मूल प्रतिमा को भारत वापस लाने का संकल्प भी दोहराया। उन्होंने कहा, “हम सब हिंदुस्तान के हिंदू इस मांग को लगातार उठाते रहे हैं और आगे भी उठाएंगे। आज नहीं तो कल, मां की प्रतिमा को इंग्लैंड की धरती से वापस लाकर धार के इसी पवित्र मंदिर में स्थापित किया जाएगा। इसके बाद पूरा देश ही नहीं, बल्कि विश्व का हर सनातनी यहां आकर मां की आराधना कर सकेगा।
भोज उत्सव समिति ने किया स्वागत –
भोजशाला मुक्ति यज्ञ संयोजक गोपाल शर्मा ने श्री रामेश्वर शर्मा को एक बार फिर संपूर्ण भोजशाला के दर्शन कराए एवं अवगत कराया और ज्योति मंदिर में मां अखंड ज्योति के दर्शन करवाए एवं पूर्व सत्याग्रहीयो के विषय में संपूर्ण जानकारी दी। सनातनी योद्धा श्री रामेश्वर शर्मा का धार भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष निलेश भारती द्वारा अखंड ज्योति मंदिर पर भगवा साफा बांधकर स्वागत कर भोजशाला सत्याग्रह में सम्मिलित होने के लिए बधाई दी सत्याग्रह के बाद श्री शर्मा का भोज उत्सव समिति द्वारा स्वागत किया गया इस अवसर पर भोज उत्सव समिति अध्यक्ष सुरेश चंद्र जलोदिया, महाप्रबंधक हेमंत दोराया, महामंत्री सुमित चौधरी, संरक्षक विश्वास पांडे, राजेश शुक्ला, राजाभव भदाने, देवेंद्र सोनोने, पूर्व भाजपा अध्यक्ष मनोज सोमानी, प्रकाश धाकड़ एवं समिति के सभी सदस्य मातृशक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे
Author: Shabd Agni
.