आहूजा निवास पर पहुंचे कथा वाचक ने बैतूल में कथा करने की जताई इच्छा
शब्द अग्नि / बैतूल। पवित्र नगरी मुलताई में श्रीमद् भागवत कथा करने पधारे सुप्रसिद्ध कथा वाचक और सनातन संस्कृति के ध्वजवाहक देवकीनंदन ठाकुर ने कहा है कि पैसा तो सभी कमाते हैं लेकिन पैसे के साथ संस्कार कमाना बड़ी बात है। उन्होंने बैतूल जिले के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं और रहवासियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि आप लोग चाहेंगे तो मैं बैतूल में भी सात दिन की कथा करूंगा। यहां के लोगों का व्यवहार, धर्म के प्रति निष्ठा और सनातन संस्कृति के साथ संस्कारवान व्यवहार ने मुझे प्रभावित किया है। उक्त बात उन्होंने बैतूल में आहूजा परिवार के निवास पर पहुंचकर गणमान्य नागरिकों से चर्चा के दौरान कही।
टोल पर की आगवानी
मुलताई में श्रीमद् भागवत कथा का समापन कर भोपाल लौटते समय सुप्रसिद्ध कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर बैतूल के प्रतिष्ठित आहूजा परिवार के बीच पहुंचे। बैतूल पहुंचने पर मिलानपुर टोल नाके पर आहूजा परिवार के सदस्यों सहित शहर के गणमान्य नागरिकों ने उनकी आगवानी की। इसके पश्चात उनका काफिला आहूजा निवास पर पहुंचा जहां आहूजा परिवार के हरवंश आहूजा, राजेश आहूजा, राकेश आहूजा सहित अन्य सदस्यों ने कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर का आत्मीय स्वागत अभिनंदन किया। इस अवसर पर बैतूल शहर के अनेक गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
संस्कार ट्रांसफर होना बड़ी बात
आहूजा परिवार के बीच पहुंचे कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि पैसा तो सभी कमाते हैं और पैसा एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी ट्रांसफर भी होते रहता है लेकिन यदि संस्कार भी पीढ़ी-दर-पीढ़ी ट्रांसफर होते जाएं और नई पीढ़ी अपने परिवार के पुराने संस्कारों पर चले तो यह बड़ी बात है। उन्होंने मुलताई में सात दिन की भागवत कथा के दौरान जिले के धर्मावलंबियों और सनातन संस्कृति के रक्षकों का जो व्यवहार देखा उससे देवकीनंदन ठाकुर प्रभावित दिखे। आहूजा परिवार के बीच चर्चा में उन्होंने कहा कि आप लोग बैतूल में भागवत कथा का आयोजन करें मैं प्राथमिकता के आधार पर समय दूंगा।
Author: Shabd Agni
.