HIV संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव रोकने और आजीविका से जोड़ने पर जोर
शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़
बालाघाट – कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में गुरुवार 18 जून को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सामुदायिक संसाधन समूह (D-CRG) की बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन दिशा क्लस्टर, बालाघाट द्वारा किया गया, जिसमें एचआईवी एवं एड्स नियंत्रण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जी.एस. धुर्वे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलव, जिला क्षय अधिकारी डॉ. प्रियव्रत सोनकर, महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक, वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री रचना चौधरी, जिला जेल अधीक्षक, सीएसएस भोपाल से एसपीओ श्री तालिब अंसारी, डी-सीआरजी की उपाध्यक्ष एवं दिशा क्लस्टर की प्रतिनिधि श्रीमती अंजू जाचक, एम एंड ई श्री मुकेश जुम्हारे, विहान एवं टीआईपी-एलडब्ल्यूएस परियोजनाओं के प्रतिनिधि तथा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान दिशा क्लस्टर द्वारा डी-सीआरजी की भूमिका एवं राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसके पश्चात सीएसएस भोपाल से श्री तालिब अंसारी ने डी-सीआरजी के उद्देश्यों, समुदाय आधारित निगरानी, एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति कलंक एवं भेदभाव की रोकथाम तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय की आवश्यकता पर विस्तृत जानकारी दी। कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने निर्देश दिए कि जिन स्वास्थ्य केंद्रों में आईसीटीसी (इंटीग्रेटेड काउंसलिंग एंड टेस्टिंग सेंटर) उपलब्ध नहीं हैं, वहां कार्यरत स्टाफ नर्सों का संवेदनशीलता प्रशिक्षण कराया जाए। उन्होंने एचआईवी एवं एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम, 2017 के प्रावधानों के अनुरूप सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को गोपनीयता बनाए रखने तथा भेदभाव-रहित सेवाएं प्रदान करने के लिए निर्देशित करने को कहा।
Author: Shabd Agni
.