शब्द अग्नि मुस्तकीम मुगल आलीराजपुर, मंगलवार को आयोजित होने वाली जन सुनवाई कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास की अध्यक्षता में किया गया। जनसुनवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर डिप्टी कलेक्टर तपीस पांडे, सुश्री निर्मला कलमे, नायब तहसीलदार सुश्री मंजू डावर सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
एक आवेदक ग्राम आगलगोटा, तहसील कठ्ठीवाड़ा निवासी श्री संजू पिता दूडला ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनकी भूमि पर ग्राम चांदपुर निवासी ढेमला पिता किशन द्वारा पिछले दो वर्षों से कब्जा किया गया है। आवेदक ने उक्त भूमि से कब्जा हटवाने की मांग की। इस पर अपर कलेक्टर ने आवेदन को तहसीलदार को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं एक अन्य आवेदक ग्राम रिछवी निवासी श्रीमती लिली किकरिया पति राजेश किकरिया ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनका संबल कार्ड ऑनलाइन पंजीकृत है। विवाह उपरांत उनका निवास ग्राम पंचायत रिछवी में होने से उन्होंने संबल कार्ड को ग्राम पंचायत अकोला से ग्राम पंचायत रिछवी में स्थानांतरित करने की मांग की। आवेदन पर श्रम पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एक अन्य आवेदक ने श्री धनसिंह तोमर,निवासी ग्राम धोलखेडा, तहसील आलीराजपुर ने आवेदन देकर बताया कि उन्होंने वर्ष 2017-18 में तेजमल सोनी, निवासी नानपुर-माछलिया रोड, आलीराजपुर के पास 700 ग्राम चांदी गिरवी रखकर 7 हजार रुपये उधार लिए थे। वर्तमान में चांदी छुड़ाने जाने पर उनसे ब्याज सहित 40 हजार रुपये की मांग की जा रही है। उन्होंने अपनी गिरवी रखी चांदी वापस दिलाने की मांग की। इस मामले में अपर कलेक्टर ने आवेदन तहसीलदार आलीराजपुर को भेजकर आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए।
आज की जनसुनवाई में बंटवारा, प्रधानमंत्री आवास योजना, नवीन नलकूप खनन, आंगनवाड़ी सहायिका नियुक्ति सहित विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 32 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों को निराकरण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया तथा समयसीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
Author: Shabd Agni
.