शराफा व्यापारी पर हमला, सोना-चांदी लूटकर 8 बदमाश फरार
बालाघाट – जिले में रविवार रात बदमाशों ने एक सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया। बालाघाट के लाँजी नगर में आठ हथियारबंद बदमाशों ने एक शराफा व्यापारी को बंदूक की नोक पर रोककर करीब 9 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने व्यापारी के सिर पर लाठी से हमला कर दिया और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घायल व्यापारी को गंभीर हालत में गोंदिया रेफर किया गया है, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। बालाघाट के लाँजी थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।
बाइक से घर लोट रहे थे, रास्ता रोककर लुटा
जानकारी के मुताबिक कामना ज्वेलर्स के संचालक कपिल आसटकर रोज़ की तरह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। उनके पास सोने-चांदी के आभूषणों से भरे दो बैग थे। जैसे ही कपिल अपने घर के पास एक मोड़ पर पहुंचे, दो बाइकों पर सवार करीब आठ बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने दोनों बैग छीनने की कोशिश की। व्यापारी ने विरोध किया तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। इसी दौरान एक बदमाश ने लाठी से उनके सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। व्यापारी के गिरते ही बदमाश दोनों बैग लेकर मौके से फरार हो गए। लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात की कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायल व्यापारी को लाँजी सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए महाराष्ट्र के गोंदिया रेफर किया गया। उधर सूचना मिलते ही लाँजी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
Author: Shabd Agni
.