VISITORS

0 1 8 0 9 7

July 31, 2026 3:50 am

+91 8878812345

लेटेस्ट न्यूज़

4 हजार किलो महुआ लाहन और 40 लीटर कच्ची शराब जब्त

अवैध शराब पर हुई कार्रवाई

शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़

बालाघाट – कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशानुसार एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार 30 जुलाई को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 4,000 किलो महुआ लाहन तथा 40 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची शराब जब्त की है।

प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ 

मुखबीर से सूचना मिलने पर आबकारी वृत्त बालाघाट, वारासिवनी एवं लांजी की संयुक्त टीम ने ग्राम समनापुर के जंगल में नाला किनारे अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ड्रमों में भरा हुआ लगभग 4,000 किलो महुआ लाहन एवं 40 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब बरामद की गई है। इस संबंध में मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत दो प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए हैं। नियमानुसार लाहन के नमूने सुरक्षित रखने के बाद शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 4 लाख 6 हजार रुपये बताया गया है।

इस कार्रवाई में वृत्त प्रभारी एवं उपनिरीक्षक रमाकांत बघेल, संदीप श्रीवास, ज्योति सोनी, कौस्तुभ नेताम, मनोज अंजलेकर, मुख्य आरक्षक नरसिंह टेकाम तथा आरक्षक भानु मर्सकोले, अनिता कुमरे, भूपेंद्र मरावी एवं विशाल धुर्वे की सक्रिय भूमिका रही। जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री के विरुद्ध इस प्रकार की सघन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर