VISITORS

0 1 8 2 5 3

August 5, 2026 3:46 am

+91 8878812345

लेटेस्ट न्यूज़

बालाघाट : सरदार पटेल कॉलेज की छात्रा ने खाया जहर

विधायक अनुभा मुंजारे ने कॉलेज प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप, 

शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़

बालाघाट – बालाघाट-वारासिवनी मार्ग पर ग्राम डोंगरिया स्थित सरदार पटेल कॉलेज ऑफ यूनिवर्सिटी एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है। कॉलेज में अध्ययनरत आयुर्वेद संकाय की एक छात्रा ने कॉलेज की लाइब्रेरी में कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। छात्रा की हालत बिगड़ती देख वहां मौजूद अन्य छात्रों और शिक्षकों ने तत्काल निजी वाहन की व्यवस्था कर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय छात्रा लाइब्रेरी में मौजूद थी। कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए कॉलेज प्रशासन और अन्य छात्रों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक अनुभा मुंजारे जिला अस्पताल पहुंचीं और छात्रा का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों से छात्रा के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उसके परिजनों से भी मुलाकात की। इसके बाद मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक ने कॉलेज प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए।

विधायक अनुभा मुंजारे ने कहा कि सरदार पटेल कॉलेज ऑफ यूनिवर्सिटी हमेशा से विवादों में रही है और यहां से छात्रों के शोषण तथा अनियमितताओं की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह पहले भी विधानसभा में सवाल उठा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई विशेष सुधार देखने को नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाली आयुर्वेद की छात्रा द्वारा लाइब्रेरी में जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करना बेहद गंभीर मामला है। हालांकि, घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्रा मानसिक तनाव में थी।

विधायक ने दावा किया कि सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कॉलेज प्रबंधन द्वारा छात्रा पर फीस जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार का कोई दबाव बनाया गया है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। अनुभा मुंजारे ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि छात्रा के साथ किसी भी प्रकार का आर्थिक, मानसिक या शारीरिक उत्पीड़न हुआ है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा करना प्रशासन और शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी है।

वहीं, घटना के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता का माहौल है। कई छात्रों ने कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, कॉलेज प्रबंधन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि छात्रा के बयान और जांच रिपोर्ट के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल जिला अस्पताल में छात्रा का उपचार जारी है और उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की लगातार निगरानी बनी हुई है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रा के इस कदम के पीछे वास्तविक कारण क्या थे और इसमें किसी की लापरवाही या दबाव की भूमिका थी या नहीं।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर